“क्विक डेस्क पोर्टल’ के माध्यम से 10 किलोवाट एवं उससे अधिक भार के विद्युत उपभोक्ताओं की शिकायतों का तुरंत होगा निराकरण”
म.प्र.पू.क्षे.वि.वि.कं.लि. जबलपुर ने अपने प्रीमियम एल.टी. और एच.टी. श्रेणी के विद्युत उपभोक्ताओं की शिकायत के निराकरण के लिये एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुये “क्विक डेस्क हेल्पलाइन” की स्थापना की है। कंपनी के प्रबंध संचालक के निर्देश पर कंपनी के इंजीनियरों ने साफ्टवेयर के जरिये एप में प्रीमियम उपभोक्ताओं की लिस्टिंग की है, जिनकी शिकायत करते ही, शिकायत कॉल सेंटर के कम्प्यूटर डेस्क पोर्टल पर दिखेगी।
दमोह जिले में कंपनी के 2264 प्रीमियम उपभोक्ता हैं, जिनमें बडे व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ता जैसे- मॉल, अस्पताल, स्कूल, बैंक आदि शामिल हैं। जिनका लोड 10 किलोवाट या अधिक है और ये कंपनी के राजस्व में 50-60 प्रतिशत योगदान देते हैं।
इन प्रीमियम उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिये कंपनी ने 1912 “क्विक डेस्क हेल्पलाइन” की शुरूआत माह मई-2025 में की थी। शुरूआती दौर में इसका संचालन धीमी गति से हो रहा था लेकिन अब इसके जरिये प्रतिदिन दर्जनों शिकायतों का निराकरण बडा फाल्ट न होने पर एक घंटे के भीतर किया जा रहा है। यदि समय-सीमा में शिकायत का निराकरण नहीं होता है तो वृत्त के अधीक्षण अभियंता स्वयं शिकायत का समाधान सुनिश्चित करते हैं। इससे उपभोक्ताओं को अपनी शिकायतों के त्वरित निराकरण की सुविधा मिल रही है। कंपनी के इंजीनियर आम उपभोक्ताओं के लिये भी इसी तरह की व्यवस्था करने की तैयारी कर रहे हैं।
दमोह जिले के 1100 कंज्यूमरों ने की शिकायत
दिनांक 29.05.2025 से 09.06.2026 तक “क्विक डेस्क हेल्पलाइन” के माध्यम से दमोह जिले के एल.टी. श्रेणी के कुल 1094 एवं एच.टी. श्रेणी के कुल 6 उपभोक्ता, इस प्रकार कुल 1100 उपभोक्ताओं की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। जिनमें से एल.टी. की केवल 1 नं. शिकायत लंबित है, शेष सभी 1099 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है।
अच्छे मिल रहे फीडबैक
कंपनी ने उपभोक्ताओं से फीडबैक फार्म के माध्यम से अपने सुझाव देने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की है, जिसके परिणाम सकारात्मक हैं। इस फीडबैक के माध्यम से उपभोक्ता सेवाओं में और भी सुधार किया जाना संभव होगा।



