जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रीता चटर्जी ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत 09 तारीख दिन गुरूवार को सिविल अस्पताल हटा सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप-स्वास्थ्य केन्द्र में गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच-उपचार क्लीनिक आयोजित किये गये है।
सिविल अस्पताल हटा एवं सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र दमोह में स्त्री रोग विशेषज्ञ द्वारा पूर्व से चिन्हित जोखिमयुक्त गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क स्वास्थ्य जॉच, परीक्षण एवं समुचित उपचार सेवाए प्रदान की जाएगी। जबकि जिला चिकित्सालय में 10 मार्च को स्त्री रोग विशेषज्ञ द्वारा पूर्व से चिन्हित जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की विशेष स्वास्थ्य जांच की जायेगी।
जबकि आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं उपस्वास्थ्य केन्द्र में चिकित्सकों व सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सीएचओ क्षेत्र अंतर्गत् जांच-उपचार क्लीनिक आयोजित कर सभी गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जॉच एवं समुचित उपचार सेवा प्रदाय करेंगे।
डॉ चटर्जी ने आग्रह किया है कि जिन गर्भवती की अनुमानित प्रसव तिथी माह अप्रेल के दूसरे सप्ताह में है, जिन्हें पूर्व से जोखिम गर्भवती के रूप मे चिन्हित् किया गया है-जैसे, गंभीर एनीमिया, मल्टी ग्रेविडा अथवा मल्टी पारा, गर्भावस्था के दौरान उच्च रक्तचाप, पिछले प्रसव में जटिलता अथवा गर्भावस्था से जुडे़ अन्य जोखिम संकेत, ऐसे सभी गर्भवती महिलाए नजदीकी स्वास्थ्य संस्था में पहुचकर स्त्री रोग विशेषज्ञ से अवश्य स्वास्थ्य जॉच कराए, ताकि सुरक्षित मातृत्व का लक्ष्य सुनिश्चित किया जा सके।
एएनएम और आशा कार्यकर्ता द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं उप स्वास्थ्य केन्द्र में पंजीकृत गर्भवती अथवा नवीन चिन्हित गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य देखभाल के लिए उन्हे विशेष स्वास्थ्य क्लीनिक में उपस्थित होने प्रेरित किया जाएगा, जिससे गर्भवती महिलाओं की जॉच कर समय पर जटिलताओं से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।

