सही समय पर सही लक्ष्य का चयन करना बेहद जरूरी- तहसीलदार श्री गुप्ता जबेरा तहसीलदार का सांदीपनि स्कूल के बच्चों से सीधा संवाद

शासकीय सांदीपनि विद्यालय में गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के अंतर्गत सातवें दिन एक भव्य करियर मार्गदर्शन और प्रेरक व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय के विद्यार्थियों को भविष्य की राह चुनते समय सही दिशा दिखाना और उनके भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जबेरा तहसीलदार आशुतोष गुप्ता उपस्थित हुए। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधा संवाद करते हुए करियर निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण कड़ियों पर प्रकाश डाला।
तहसीलदार श्री गुप्ता ने बच्चों को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि सही समय पर सही लक्ष्य का चयन करना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रशासनिक सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों, कड़ी मेहनत और निरंतरता के बारे में विस्तार से समझाया।विद्यालय के प्राचार्य संजय बाजपेयी ने भी बच्चों को संबोधित किया। उन्होंने जीवन में गुरु और सही मार्गदर्शन के महत्व को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे अपनी कमियों को पहचानकर उन्हें दूर करें और अपनी पूरी क्षमता के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने कहा गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए एक बेहतरीन अवसर है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित पूरा स्टाफ उपस्थित रहा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और करियर से जुड़े अपने संदेहों को दूर किया।


