जनसुनवाई के दौरान अनुसूचित जाति एवं जनजाति छात्रावास, दमोह के विद्यार्थियों ने छात्रावास भवन के भूतल में जलभराव और सीलन की समस्या बताते हुए भवन परिवर्तन की मांग की। विद्यार्थियो की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने तत्काल प्रभाव से छात्रावास भवन बदलने की अनुमति प्रदान कर दी। विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुविधायुक्त एवं बेहतर आवासीय वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निर्णय लिया गया है कि शासकीय अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावास, सुभाष कॉलोनी को आगामी सोमवार को नवीन छात्रावास भवन में विधिवत स्थानांतरित (शिफ्ट) किया जाएगा।
जिले में किसानों के हितों की सुरक्षा तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने कीटनाशी विक्रय प्रतिष्ठानों के विरुद्ध व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देश पर जिलेभर में 46 कीटनाशी विक्रय दुकानों का निरीक्षण किया गया, जिसमें कई प्रकार की अनियमितताएं सामने आईं।
निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 12 कीटनाशी विक्रय प्रतिष्ठानों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए गए। यह कार्रवाई किसानों को सुरक्षित एवं प्रमाणित कीटनाशकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।
जिन प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निरस्त किए गए हैं, उनमें माँ अन्नपूर्णा देवी कृषि केंद्र, उन्नत कृषि परामर्श केंद्र, श्रीराम इच्छा कृषि सेवा केंद्र, माँ नर्मदे कृषि सेवा केंद्र (जबेरा), वर्षा बीज भंडार (नोहटा), खान बीज भंडार (फतेहपुर), रमा कृषि दवाइयाँ एवं बीज भंडार, धड़ाधड़ कृषि सेवा केंद्र (फतेहपुर), पटेल किसान बीज भंडार (हटा), मामू बीज भंडार केंद्र (फतेहपुर), तिवारी कृषि विकास केंद्र (हटा) तथा लकी ट्रेडर्स (नोहटा) शामिल हैं।




