आतिशबाजी के अस्थायी लाइसेंस अब एम.पी. ई-सर्विस पोर्टल से होंगे जारी अनुविभागीय दंडाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लाइसेंस जारी करने के लिए किया अधिकृत दीपावली पर्व के दौरान अस्थायी लाइसेंस इस प्रक्रिया से होगे जारी
दीपावली पर्व 2026 के दौरान आतिशबाजी के कब्जे एवं विक्रय के लिए अस्थायी अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) जारी करने की प्रक्रिया को सरल एवं ऑनलाइन बनाने के लिए नवीन व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत आवेदक एम.पी. ई-सर्विस पोर्टल http://services.mp.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदन पत्रों की नियमानुसार जांच के बाद आतिशबाजी के कब्जे एवं विक्रय के लिए अस्थायी अनुज्ञप्ति जारी की जाएगी। शासन द्वारा जिले के समस्त अनुविभागीय दंडाधिकारियों (एसडीएम) के लिए पोर्टल पर आईडी एवं पासवर्ड की व्यवस्था पहले से उपलब्ध कराई गई है। संबंधित अधिकारी अपनी लॉगिन के माध्यम से भी लाइसेंस जारी कर सकेंगे।
दीपावली पर्व 2026 के दौरान प्राप्त होने वाले ऑनलाइन आवेदनों पर अस्थायी अनुज्ञप्ति जारी करने के लिए जिले के संबंधित अनुविभागीय दंडाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्राधिकार में अधिकृत किया गया है। इस व्यवस्था से आतिशबाजी के अस्थायी लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संपन्न होगी।


