मेहनत, पूर्ण संवेदनशीलता एवं समर्पण भाव से कार्य करे- कलेक्टर श्री यादव स्वास्थ्य एवं पोषण समिति की बैठक संपन्न, दिए गए अहम् दिशा-निर्देश
जिले में मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार दर्ज किया जा रहा है। ऐसे ही मेहनत से पूर्ण संवेदनशीलता एवं समर्पण भाव से काम करें। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति को निरंतर बेहतर बनाने के लिए जहां उपलब्धि है उसे बनाए रखने और जहां कमी है वहां कारण जानकर कार्ययोजना के साथ सुधार सुनिश्चित किया जाए। इस आशय के निर्देश कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने स्वास्थ्य एवं पोषण की समीक्षा करते हुए दिए। बैठक में सीएमएचओ सहित जिले के सभी स्वास्थ्य अधिकारी,महिला बाल विकास अधिकारी और संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा दौरान मातृ स्वास्थ्य सूचकांकों में गर्भवती पंजीयन में प्रगति के साथ मातृ एवं शिशु मृत्यु अनुपात में भी सुधार परिलक्षित हुआ है। जिले का मातृ मृत्यु अनुपात (एमएमआर) 97.4 है, जो राज्य के 122 की तुलना में बेहतर स्थिति दर्शाता है। इसी अवधि में शिशु मृत्यु दर (सीडीआर) 25.2 प्रति एक हजार जीवित जन्म दर्ज की गई, जो राज्य औसत (27) से बेहतर स्थिति दर्शाता है। स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं में हुई प्रगति के साथ जिन क्षेत्रों में अभी और सुधार की आवश्यकता है, उन्हें चिन्हित कर आज जिला स्वास्थ्य एवं पोषण समिति की बैठक में विशेष रूप से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने गैर संचारी रोगों की समय से पहचान एवं उपचार हेतु 30 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी नागरिकों की नियमित रूप से रक्तचाप एवं रक्त शर्करा की जांच, नियमित फॉलोअप तथा उपचार में समयबद्ध कार्य सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्वास्थ्य एवं पोषण समिति की समीक्षा बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत 1 अप्रेल से 22 सितम्बर तक संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों यथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण, गैर-संचारी रोग एवं कृमि मुक्ति दिवस तैयारियो की समीक्षा की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में उपलब्धियों का आंकलन कर उन संकेतकों की भी पहचान की गई जिनमें और सुधार की आवश्यकता है, ताकि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।
गर्भावस्था का समय पर पंजीयन बढ़ा, अब लक्ष्य शत-प्रतिशत कवरेज
बैठक में बताया गया कि जिले में एएनसी पंजीयन पिछले माह की तुलना में 0.74 प्रतिशत प्रगति के साथ 82 प्रतिशत तक पहुंच चुका है, जो राज्य औसत के लगभग बराबर है। यह गर्भवती महिलाओं की समय पर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ने का सकारात्मक संकेत है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में अभी भी पंजीयन अपेक्षाकृत कम है, वहां आशा, एएनएम एवं मैदानी स्वास्थ्य अमला घर-घर संपर्क कर प्रत्येक गर्भवती का समय पर पंजीयन सुनिश्चित करे।
एनीमिया एवं उच्च जोखिम गर्भावस्थाओं की समय पर पहचान से
सुरक्षित मातृत्व को मिलेगा बल
समीक्षा में मध्यम एवं उच्च जोखिम गर्भवतियों की पहचान तथा गर्भावस्था जनित उच्च रक्तचाप के प्रबंधन में प्रगति पर संतोष व्यक्त किया गया। साथ ही निर्देश दिए गए कि सुरक्षित मातृत्व हेतु गंभीर एनीमिया सहित अन्य चिन्हित सभी गर्भवती का समय पर प्रबंधन सुनिश्चित किया जाये। उपचार में किसी प्रकार की देरी न हो।
मातृ मृत्यु दर राज्य औसत से बेहतर
बैठक में बताया गया कि 1 अप्रेल से माह अगस्त 2026 तक जिले में 10270 जीवित जन्म दर्ज हुए तथा मातृ मृत्यु अनुपात (एमएमआर) 97.4 परिलक्षित हुई, जो राज्य औसत (122) से बेहतर स्थिति दर्शाता है। इसी अवधि में शिशु मृत्यु दर (सीडीआर) 25.2 दर्ज की गई, जो राज्य औसत (27) से बेहतर स्थिति दर्शाता है। कलेक्टर ने प्रत्येक मातृ एवं शिशु मृत्यु का वैज्ञानिक विश्लेषण कर कारणों के अनुरूप सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि इन संकेतकों में और सुधार किया जा सके।
हर बच्चे तक पूर्ण टीकाकरण पहुंचाना सर्वोच्य प्राथमिकता
सभी टीके समय पर लगवाना बच्चों को अनेक गंभीर एवं जानलेवा बीमारियों से सुरक्षित रखने का सबसे प्रभावी उपाय है।
नियमित टीकाकरण की समीक्षा के दौरान यू-विन पोर्टल की प्रगति, पूर्ण प्रतिरक्षण, एमआर एवं पेंटावेलेंट टीकाकरण की स्थिति पर चर्चा की गई। दमोह शहरी, पटेरा में अपेक्षित प्रगति न पाये जाने पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में टीकाकरण की गति अपेक्षाकृत कम है वहां महिला बाल विकास विभाग से समन्वय कर वास्तविक कारणों का पता लगाकर आवश्यकतानुसार समयबद्ध समुचित कार्यवाही कर सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे।
गैर-संचारी रोगों की समय पर जांच भी उतनी ही आवश्यक,
समयबद्ध कार्य सुधार लाने के दिए निर्देश
समीक्षा दौरान पाया गया कि उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह की स्क्रीनिंग में गत माह से प्रगति दिखाई दी है, लेकिन इसमें अभी भी बहुत सुधार की आवश्यकता है। कलेक्टर ने 30 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी नागरिकों की नियमित रूप से रक्तचाप एवं रक्त शर्करा की जांच, नियमित फॉलोअप तथा उपचार में समयबद्ध कार्य सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
6 अक्टूबर के राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा
बैठक में आगामी 6 अक्टूबर राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की तैयारियों पर भी विशेष फोकस रहा। बच्चों एवं किशोरों सहित लक्षित हितग्राहियों तक कृमिनाशक दवा की पहुंच सुनिश्चित करने, अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और शत-प्रतिशत कवरेज के लिए विभागीय समन्वय एवं मैदानी अमले की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया गया।
गृह आधारित शिशु देखभाल
गृह आधारित शिशु देखभाल समीक्षा में जिले में 10871 जीवित जन्म बच्चों के 90 प्रतिशत घरों में आशा कार्यकर्ता द्वारा गृह भेंट कर प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल सेवा दी गई जो राज्य स्तर (89 प्रतिशत) से बेहतर है।
पोषण पुनर्वास केन्द्र
माह अप्रेल से अगस्त दौरान जिले के 7 एनआरसी में उपलब्ध बेड अनुसार 68 प्रतिशत अर्थात 765 बच्चों को एनआरसी में भर्ती कर उपचार देना पाये जाने पर कलेक्टर श्री यादव ने महिला बाल विकास विभाग को निर्देश दिये कि चिन्हित कुपोषित, कम वजन के शत-प्रतिशत बच्चों को स्वास्थ्य विभाग से समन्वय कर एनआरसी में उपलब्ध बेड अनुसार भर्ती कराया जाना सुनिश्चित करें, ताकि कमजोर, कुपोषित, कम वजन के बच्चों के स्वास्थ्य में शीघ्र सुधार लाकर उनका सर्वांगीण विकास किया जा सके।
टी.बी. मुक्त भारत
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिलें में लक्षित संवेदनशील आबादी में से 174 लाख अर्थात 52 प्रतिशत लोगों की स्क्रीनिग पूरी की जा चुकी है। वही 38540 लोगों को एक्स-रे सुविघा उपलब्ध करायी गई है। टीबी मरीजों के पोषण सहयोग के लिए 857 फूड बॉस्केट वितरित किए गए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी, जिला टीकाकरण अधिकारी, जिला क्षय अधिकारी, महिला बाल विकास अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के खंड स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
