कृषक कल्याण से ही प्रदेश और राष्ट्र की समृद्धि – मुख्यमंत्री डॉ. यादव सरकार किसानों की आय में वृद्धि करने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर संकल्पित- प्रभारी मंत्री श्री परमार वर्ष 2026 ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण आधुनिक कृषि यंत्र, ड्रोन तकनीक एवं सिंचाई सुविधाओं का लाभ दमोह जिले में सिंचाई का रकबा बढ़कर 86 प्रतिशत हुआ राज्य स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव संपन्न मुख्यमंत्री डॉ. यादव वर्चुअली हुए शामिल, किसानो से किया संवाद

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा किसानों की आर्थिक समृद्धि से ही मध्यप्रदेश और देश की समृद्धि संभव है। राज्य सरकार किसानों के कल्याण एवं कृषि क्षेत्र के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्रदेश के किसानों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज जिले के किसानो से राज्य स्तरीय बलराम महोत्सव में वर्चुअली जुड़कर संबोधित करते हुए कहा मध्यप्रदेश सरकार वर्ष 2026 को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मना रही है। इसके अंतर्गत किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण, आधुनिक कृषि यंत्र, ड्रोन तकनीक तथा सिंचाई सुविधाओं सहित कृषि विकास से जुड़ी विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
केन-बेतवा परियोजना से बढ़ेगा सिंचाई का दायरा
क्षेत्र में खुशहाली और समृद्धि आयेगी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना बुंदेलखंड अंचल सहित प्रदेश के बड़े हिस्से में सिंचाई का दायरा बढ़ेगा। किसानों को पर्याप्त जल एवं बिजली उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से कृषि उत्पादन और किसानों की आर्थिक स्थिति में बदलाव और समृद्धि आयेगी।
दमोह जिले में सिंचाई का रकबा 100 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दमोह जिले में कृषि एवं सिंचाई सुविधाओं के विस्तार की जानकारी देते हुए कहा कि जिले में लगभग 3 लाख 24 हजार हेक्टेयर कृषि योग्य क्षेत्र है। यहॉ जिले में सिंचाई का रकबा बढ़कर 86 प्रतिशत हो गया है।
उन्होने कहा विभिन्न निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित सिंचाई परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद दमोह जिला शत-प्रतिशत सिंचित जिलों की श्रेणी में शामिल होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा। इससे जिले के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध होगा और कृषि गतिविधियों को व्यापक बढ़ावा मिलेगा।
किसानों के खातों में सीधे पहुंच रही सम्मान निधि
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि का सीधे अंतरण सुनिश्चित कर रही है। इसके साथ ही किसानों को राहत प्रदान करते हुए फसल ऋण चुकाने की अवधि बढ़ाकर एक वर्ष कर दी गई है। सरकार का उद्देश्य किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और कृषि कार्यों में आवश्यक वित्तीय सुविधा उपलब्ध कराना है।
खरीफ फसलों के MSP पर पंजीयन शुरू
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा आज से प्रदेश में किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए धान, ज्वार, बाजरा फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर उपार्जन के लिए पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने किसानों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंजीयन कराकर इस सुविधा का लाभ लेने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती कर रहे किसानों से संवाद कर
उत्साहवर्धन किया
मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के प्रगतिशील किसानों से संवाद किया। उन्होंने प्राकृतिक, जैविक खेती, पशुपालन सहित कृषि क्षेत्र में नवाचार करने वाले किसानों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक और नवाचार को अपनाकर किसान अपनी आय में वृद्धि के साथ कृषि को अधिक लाभकारी व्यवसाय बना सकते हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों से संवाद के दौरान उनके द्वारा की जा रही प्राकृतिक एवं जैविक खेती तथा कृषि नवाचारों की जानकारी ली और उनके प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
किसान थम्मन सिंह लोधी ने बताया कि वे 6 प्रकार की फसलों का उत्पादन कर रहे हैं, जिनकी आपूर्ति जिले, प्रदेश सहित दिल्ली, राजस्थान एवं अन्य राज्यों में की जा रही है तथा उत्पादों का अच्छा मूल्य प्राप्त हो रहा है। किसान श्री राम कुरेरिया ने कहा मेहता फॉर्म में टीम के माध्यम से जैविक उत्पादन किया जा रहा है। उन्होंने कहा जैविक उत्पाद सामान्य उत्पादों की तुलना में लगभग दोगुनी कीमत पर बिक रहे हैं।
इस दौरान किसान समीर अहिरवार ने कृषि क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी दी तथा किसान छड़ी और रोबोट जैसे कृषि उपकरणों का प्रदर्शन कर उनकी उपयोगिता से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
जिले के प्रभारी मंत्री तथा उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री श्री इंदर सिंह परमार ने ‘बलराम कृषि महोत्सव’ के अवसर पर वर्चुअली जुड़कर सरकार द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और जिले के उन्नतिशील किसानों से संवाद में उनके प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की।
प्रभारी मंत्री श्री परमार ने कहा सरकार किसानों की आय में वृद्धि करने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर संकल्पित है। उन्होंने जैविक खेती, प्राकृतिक कृषि पद्धतियों, कृषि विविधीकरण तथा आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने किसानों द्वारा अपनाए गए आधुनिक और जैविक उपायों की प्रशंसा करते हुए अन्य कृषक बंधुओं को भी इनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
सांसद राहुल सिंह लोधी ने आयोजित बलराम महोत्सव में कहा कि मध्य प्रदेश सरकार किसान कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है उन्होंने कहा मुख्यमंत्री जी ने इस वर्ष को किसान कल्याण वर्ष के रूप में घोषित किया है उन्होंने कहा आज यहां पर हम किसान कल्याण वर्ष की बात करते हैं तो यह 28वां जिला है जहां बलराम महोत्सव आयोजित किया गया ।
सांसद श्री लोधी ने किसानों से आग्रह किया की खेती के तरीके बदल गए हैं खेती लाभ का धंधा बन गया है फार्मर आईडी बनवायें और मिट्टी परीक्षण आवश्यक रूप से करवायें। उन्होंने किसानों से आग्रह करते हुए कहा कि कितनी भी विषम परिस्थितियों आ जाएं परेशानी आ जाए कर्ज ले लेना लेकिन अपनी जमीन को नहीं बेचना क्योंकि आने वाले कुछ वर्षों में केन-बेतवा लिंक परियोजना पूरी हो जाने पर दमोह जिला शत प्रतिशत सिंचित हो जाएगा तब हमारी यह बुंदेलखंड की धरती सोना उगलेगी।
पूर्व वित्त मंत्री एवं दमोह विधायक जयंत कुमार मलैया ने कहा पहले और आज की परिस्थितियों में बहुत अंतर आ गया है उन्होंने बालाकोट क्षेत्र के गांव का जिक्र करते हुए कहा कि उसे समय वहां पर ना तो पक्की सड़के थी ना मकान पक्के थे अब वह क्षेत्र पूरी तरह से बदल गया है, पक्की सड़के हो गई है पक्के मकान बन गए हैं और उन्नत खेती हो रही है। श्री मलैया ने कहा जिले में पंचम नगर, सतधरू, सीता नगर परियोजनाएं शुरू हो जाने से सिंचाई के रकबे में बढ़ोतरी हुई है जगह-जगह स्टाफ डेम भी बनाए गए हैं।
हटा विधायक उमा देवी खटीक ने कहा मुख्यमंत्री जी ने बलराम महोत्सव का आयोजन करवाया है, जिसका मुख्य उद्देश्य किसानों को उन्नत तकनीक से अवगत कराना है और उन्नत तरीकों से खेती करने उन्हें प्रोत्साहित करना है। श्रीमती खटीक ने केन बेतवा नदी परियोजना की चर्चा करते हुए कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र में समृद्धि आएगी, उन्होंने किसान हित में अपनी बात रखी।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा जब किसान समृद्ध और खुशहाल रहता है, तभी पूरा समाज खुशहाली और प्रगति की दिशा में आगे बढ़ता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में संवेदनशील डॉ. यादव की सरकार किसानों के हित में काम कर रही है।
जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटैल ने कहा जिले के लिए अनुकरणीय पहल थी कि बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन हुआ और उसमें मुख्यमंत्री जी ने किसानों से वर्चुअली बात की। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री कप्तान सिंह यादव ने कहा दमोह जिले के बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज इस कार्यक्रम में किसान बंधुओं से सीधा संवाद करने के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े हुए थे। यह बलराम महोत्सव बहुत ही अद्भुत आयोजन हो गया। यहाँ लगभग 300-350 किसान बंधुओं ने अपने स्वास्थ्य का परीक्षण कराया, यह सबसे अद्भुत काम दमोह जिले में हुआ है।
इस अवसर पर जिले के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का सम्मान अतिथियों द्वारा किया गया साथ ही उन्नतशील एवं प्रगतिशील किसानों का भी सम्मान अतिथियों द्वारा किया गया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में सांसद राहुल सिंह, पूर्व मंत्री एवं विधायक दमोह जयंत कुमार मलैया, प्रदेश संयोजक कपिल यार्दे, प्रदेश महामंत्री किसान मोर्चा गोपाल पटैल, प्रदेश महामंत्री किसान मोर्चा कप्तान सिंह यादव, विधायक हटा उमादेवी खटीक, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटैल, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, जिला पंचायत कृषि स्थायी समिति सभापति मनीष तंतुवाय, जिलाध्यक्ष किसान मोर्चा महाराज सिंह, जिलाध्यक्ष किसान संघ श्रीराम पटैल, महेश पटैल, पुष्पेन्द्र पटैल, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव, पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि सहित पुलिस प्रशासन के अधिकारी किसान बंधु मौजूद रहे


