डीपीआईआईटी के तत्वावधान में तेजस कार्यक्रम का हुआ आयोजन
डीपीआईआईटी के तत्वावधान में तेजस कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं एवं उपस्थित उद्यमियों को स्टार्टअप, एमएसएमई, शासकीय योजनाओं तथा ऑनलाइन बाजार व्यवस्था से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत में डीपी आईआईटी के प्रतिनिधि गर्वित दुबे द्वारा स्टार्टअप के संबंध में जानकारी दी गई, कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए मध्यप्रदेश शासन एवं केंद्र सरकार द्वारा अनेक नीतियां एवं योजनाएं लागू की जा रही हैं। इन योजनाओं का प्रभाव अब धरातल पर दिखाई देने लगा है तथा युवा इनका लाभ लेकर स्वरोजगार एवं उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष मंजू धर्मेंद्र कटारे ने कहा कि दमोह जिले में उद्योगों की स्थापना के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं है। उपलब्ध संसाधनों का उचित दोहन कर तथा मध्यप्रदेश शासन एवं केंद्र सरकार द्वारा उद्योगों को प्रोत्साहन देने हेतु संचालित योजनाओं का लाभ उठाकर युवा उद्यमी एमएसएमई क्षेत्र में आगे बढ़ सकते हैं।
एमपी स्टार्टअप सेंटर के कार्यक्रम में मुस्तफा हुसैन द्वारा एमपी में संचालित स्टार्टअप से संबंधित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मुस्तफा हुसैन द्वारा स्टार्टअप से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। वहीं मुज्जमिल कुरैशी ने जेम पोर्टल के माध्यम से शासकीय खरीदी एवं विपणन की प्रक्रिया की जानकारी उपस्थित प्रतिभागियों को प्रदान की।
इस अवसर पर एलडीएम द्वारा बैंकों के माध्यम से उपलब्ध मुद्रा ऋण योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। उद्यानिकी विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। उद्योग विभाग के महाप्रबंधक बी.एल. अहिरवार ने उपस्थित उद्यमियों से उद्यम क्रांति योजना से जुड़कर एमएसएमई उद्योग स्थापित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सहायक प्रबंधक निलेश साहू द्वारा अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। सेमिनार का संयोजन जिला समन्वयक, सेडमैप पी.एन. तिवारी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में आशीष श्रीवास्तव, अनुराधा रजक, काशिश चौबे, कुमारी पूजा विश्वकर्मा, कुमारी किरण एवं कुमारी सुमन विश्वकर्मा का सहयोग रहा।




