युद्ध स्तर पर फतेहपुर विद्युत लाइन का मेनटेनेंस कर, बहाल की गई विद्युत व्यवस्था, ग्रामवासियों में खुशी की लहर
28-29 जून 2026 की दरम्यानी रात तेज आंधी तूफान एवं लाइटनिंग के चलते हटा क्षेत्र की विद्युत लाइनें अस्त-व्यस्त होने तथा 33/11 के.व्ही. विद्युत उपकेन्द्र-फतेहपुर से निर्गमित 11 के.व्ही. फतेहपुर फीडर की विद्युत व्यवस्था बाधित होने की सूचना विभिन्न माध्यमों से प्राप्त होने पर 30 जून को अधीक्षण अभियंता द्वारा हटा एवं फतेहपुर क्षेत्र का सघन भ्रमण किया गया।
भ्रमण के दौरान फतेहपुर क्षेत्र की लाइन के 50-60 इंसूलेटर एवं 10-11 विद्युत पोल गिरे पाये गये। जिसके सुधार हेतु युद्ध स्तर पर 40-50 स्टाफ लगाकर सभी खराब इंसूलेटर एवं गिरे हुए पोलों को खड़ा कर क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था बहाल की गई। फतेहपुर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बहाल होते ही क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ी एवं उनके द्वारा कंपनी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
उपभोक्ताओं की सुविधा हेतु वितरण केन्द्र कार्यालयों में
मोबाइल नंबर चस्पा करने के दिये निर्देश
बारिश के मौसम में बिजली व्यवस्था दुरूस्त करने के उद्देश्य से मैदानी क्षेत्रों में अधिकारियों एवं क्षेत्रीय मेनटेनेंस टीमों द्वारा भ्रमण किया जा रहा है। अधीक्षण अभियंता द्वारा वृत्त अंतर्गत निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु अधीनस्थ कार्यपालन अभियंता, सहायक एवं कनिष्ठ अभियंताओं से फीडबेक लेकर कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया है। साथ ही उपभोक्ताओं की सुविधा की दृष्टि से वितरण केन्द्र कार्यालयों में वितरण केन्द्र प्रभारी एवं मुख्यालयवार लाइन कर्मियों के मोबाइल नंबर तत्काल चस्पा करने हेतु अधीक्षण अभियंता द्वारा वितरण केन्द्र प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं।
अधीक्षण अभियंता ने सम्मानीय विद्युत उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि वे अपनी विद्युत संबंधी शिकायतों के निराकरण के लिए संबंधित वितरण केन्द्र प्रभारी एवं कंपनी के टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर अपनी शिकायतों का नियमानुसार निराकरण करायें एवं कंपनी को सहयोग प्रदान करें। पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी 24X7 के आधार पर उपभोक्ताओं की शिकायतों के निराकरण के लिए कृत संकल्पित है।


