ग्राम-सेमराबुजुर्ग के ग्रामीणों से प्राप्त ज्ञापन पर तत्काल सुधार कार्य पूर्ण कर, बहाल की गई विद्युत आपूर्ति
वृत्त कार्यालय-दमोह में जनसुनवाई के दौरान 16 जून को पथरिया ब्लाक के ग्राम-सेमरा बुजुर्ग, मारा, छापरी, चैथा बम्होरी एवं आसपास के लगभग 60-70 उपभोक्ताओं ने वृत्त कार्यालय में उपस्थित होकर क्षेत्र की विद्युत प्रदाय संबंधी समस्या के संबंध में अधीक्षण अभियंता अमित चौहान को अवगत कराया था एवं विद्युत समस्या के निराकरण हेतु संयुक्त हस्ताक्षरित ज्ञापन भी प्रस्तुत किया था। इसके साथ ही म.प्र.शासन के पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटैल द्वारा भी उक्त समस्या के निदान हेतु निर्देशित किया गया था। जिसके संबंध में अधीक्षण अभियंता द्वारा तत्काल मोबाइल पर संबंधित अधिकारियों को समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिये गये थे।
क्षेत्रवासियों की समस्या एवं दिये गये निर्देशों के परिपालन में ऊर्जा विभाग पथरिया उपसंभाग के अधिकारियों द्वारा लाइन कर्मचारियों के सहयोग से तत्काल आवश्यक कार्यवाही की गई तथा क्षेत्र में आवश्यक पोल खडे़ कराकर, गुणवत्तापूर्ण एवं सुचारू विद्युत प्रदाय प्रारंभ कर दिया गया है।
बकेनी उपकेन्द्र में डबल विद्युत सप्लाई प्रारंभ
पथरिया ब्लाक अंतर्गत 33/11 के.व्ही. उपकेन्द्र-बकेनी के लिए आर.डी.एस.एस. योजना अंतर्गत ग्राम-इमलाई से ग्राम-छापरी सड़क तक एक अतिरिक्त 33 के.व्ही. लाइन का कार्य भी पूर्ण कर, लाइन को चार्ज कर लिया गया है। इस प्रकार वर्तमान में 33/11 के.व्ही. उपकेन्द्र-बकेनी में डबल सप्लाई का विकल्प विद्यमान है। उक्त कार्य पूर्ण हो जाने से क्षेत्रवासियों की वर्षो पुरानी समस्या का स्थायी निराकरण हो गया है।
वीरांगना रानी दुर्गावती बलिदान दिवस पर सिंग्रामपुर में 135 नं.
स्ट्रीट लाईट का कार्य पूर्ण
आज वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर ऊर्जा विभाग द्वारा जबेरा ब्लाक के अंतर्गत ग्राम-सिंग्रामपुर में 135 नं. स्ट्रीट लाईट का कार्य पूर्ण कर ग्रामवासियों को स्ट्रीट लाईट की सुविधा प्रदान की गई। इससे क्षेत्र में रात्रि के समय आवश्यक रोशनी उपलब्ध रहेगी।




