बैंकर्स शासन की योजनाओं को प्राथमिकता दे, समय सीमा में करे लोन स्वीकृत ताकि आकांक्षी युवाओ को मिले रोजगार – कलेक्टर श्री यादव स्वरोजगार योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, बैंकर्स की बैठक में दिए सख्त निर्देश पीएम स्वनिधि योजना में जिले नें लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल की
जिले के कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने जिले के समस्त बैंकर्स की समीक्षा बैठक लेकर शासन की विभिन्न स्वरोजगार एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने बैंकर्स को निर्देश दिए कि शासन द्वारा दिए गए लक्ष्यों के अनुरूप पात्र हितग्राहियों को समय पर ऋण स्वीकृत किया जाए, ताकि आकांक्षी युवा एवं स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक लोग आत्मनिर्भर बन सकें और क्षेत्र के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने बैंकर्स को निर्देशित किया कि वार्षिक लक्ष्यों को तिमाही आधार पर विभाजित कर नियमित रूप से प्रकरण स्वीकृत किए जाएं, जिससे बैंकर्स पर अतिरिक्त दबाव भी नहीं पड़ेगा और हितग्राहियों को समय पर राहत मिल सकेगी।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा के दौरान बैंकर्स की लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि 24 आवेदन ऐसे पाए गए जिन्हें बैंकर्स द्वारा खोला तक नहीं गया था। इस पर सख्त निर्देश देते हुए कहा गया कि भविष्य में इस प्रकार की स्थिति निर्मित न हो तथा सभी शिकायतों का नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्राथमिकताओं को बैंकर्स अपनी प्राथमिकता बनाएं।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जिले को दिए गए लक्ष्य 100 प्रतिशत से अधिक पूर्ण कर लिए गए हैं। इस उपलब्धि पर उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं बैंकर्स को बधाई दी। साथ ही पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) द्वारा किए गए बेहतर कार्यों की सराहना भी की गई।


