जनसुनवाई में 293 आवेदनों पर हुई सुनवाई नामांतरण, दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं सहायक उपकरण के मामलों का मौके पर निराकरण

कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कलेक्टर कार्यालय के कक्ष क्रमांक 10 (व्यारमा) में आयोजित जनसुनवाई में जिले के दूरदराज क्षेत्रों से आये आवेदकों की समस्याओं को सुना। इस दौरान सामान्य जनसुनवाई में 293 आवेदनों पर सुनवाई करते हुये संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिये।
जनसुनवाई में 15 आधार अपडेशन किये गये। साथ ही जनसुनवाई के दौरान कुछ सामूहिक आवदेन भी दिए गए। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे, अपर कलेक्टर मीना मसराम, डिप्टी कलेक्टर आर.एल बागरी, डिप्टी कलेक्टर रचना प्रजापति, लोकसेवा प्रबंधक चक्रेश पटेल सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
लुहारी निवासी महिला को मिला राहत समाधान
जनसुनवाई के दौरान ग्राम लुहारी निवासी निशागती साहू ने पति स्वर्गीय हीरालाल साहू के निधन के पश्चात फौती नामांतरण हेतु लोक सेवा केंद्र में आवेदन करने में आ रही कठिनाइयों की जानकारी दी। कलेक्टर के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों द्वारा प्रकरण का तत्काल परीक्षण किया गया तथा जनसुनवाई के दौरान ही आवेदिका का आवेदन लोक सेवा केंद्र पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया। इससे नामांतरण की आगे की प्रक्रिया प्रारंभ हो सकी।
दिव्यांग बच्चों को तत्काल मिला मेडिकल प्रमाण पत्र
जनसुनवाई में उपस्थित ग्राम सनकुईया के दो दिव्यांग बच्चों रोशनी एवं रामबाई के पास मेडिकल बोर्ड द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं था। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर के निर्देश पर दोनों दिव्यांग बच्चों को एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के उपरांत मेडिकल बोर्ड द्वारा उन्हें दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए गए।
दिव्यांगजन को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश
इसी प्रकार जनसुनवाई में पहुंचे एक अन्य दिव्यांगजन द्वारा बैसाखी एवं ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने का आवेदन प्रस्तुत किया गया। इस पर कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत को निर्देशित किया कि प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कर हितग्राही को शीघ्र सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएं।




