पटेरा में जनगणना 2026 के प्रथम चरण की प्रशिक्षण कार्यशाला सम्पन्न 145 अधिकारियों व 15 सुपरवाइजरों को दिया गया प्रशिक्षण, पहली बार मोबाइल ऐप से होगी पेपरलेस जनगणना
पटेरा में जनगणना 2026 के प्रथम चरण की प्रशिक्षण कार्यशाला सम्पन्न 145 अधिकारियों व 15 सुपरवाइजरों को दिया गया प्रशिक्षण, पहली बार मोबाइल ऐप से होगी पेपरलेस जनगणना

दमोह : पटेरा स्थित मॉडल बेसिक स्कूल में जनगणना 2026 के प्रथम चरण के अंतर्गत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में तीन बैचों के माध्यम से कुल 145 अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया, वहीं 15 जनगणना सुपरवाइजरों को भी विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण जिला स्तर से नियुक्त मास्टर ट्रेनर्स द्वारा दिया गया, जिसमें जनगणना से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि प्रत्येक घर में निवासरत परिवारों के सभी संसाधनों, सामाजिक-आर्थिक स्थिति तथा जीवन स्तर से संबंधित सूचनाओं का संग्रहण करना है। इस बार की जनगणना पूरी तरह पेपरलेस होगी और मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से सीधे जनगणना पोर्टल पर डेटा अपलोड किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और त्वरित होगी।
कार्यक्रम में तहसीलदार एवं चार्ज अधिकारी उमेश तिवारी ने उपस्थित अधिकारियों को मार्गदर्शन देते हुए जनगणना कार्य के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने काउंसलिंग करते हुए संभावित व्यावहारिक चुनौतियों और उनके समाधान के संबंध में अपने अनुभव भी साझा किए। इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर्स, खंड शिक्षा अधिकारी, नायब तहसीलदार मानसी अग्रवाल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पटेरा प्रेम सिंह चौहान, राजस्व निरीक्षक सदर, पटवारी धर्मेंद्र चक्रवर्ती सहित जनगणना कार्य में संलग्न सहायक कर्मचारी उपस्थित रहे।


