यह हमारे संभाग का सबसे उत्कृष्ट स्कूल होगा- विधायक श्री मलैया जिले के लिए यह ऐतिहासिक अवसर होगा कि तीन सान्दीपनि विद्यालयों के साथ मेडिकल कॉलेज भी लोकार्पण के लिये शीघ्र तैयार हों जाएगा कलेक्टर श्री कोचर दमोह विधायक श्री मलैया ने किया सान्दीपनि स्कूल का निरीक्षण

दमोह विधायक जयंत कुमार मलैया ने सान्दीपनि स्कूल के विशाल परिसर में चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय में हजारों छात्र-छात्राएं शिक्षा प्राप्त करेंगे। विधायक श्री मलैया ने कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर से जिले के अन्य विद्यालयों के निर्माण कार्यों की प्रगति पर चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण किया जाए और विलंब की संभावित बाधाओं को दूर करने के प्रयास किए जाएं।
विधायक श्री मलैया ने बताया कि कलेक्टर ने स्कूल प्रिंसिपल को निर्देश दिए हैं कि अगला सत्र इसी सान्दीपनि स्कूल में प्रारंभ होगा। ठेकेदार ने आश्वासन दिया है कि उनकी ओर से पूरी तैयारी है। अभी ग्रीनीकरण, प्लांटेशन और फर्निशिंग का कार्य शेष है। उन्होने कहा, यह हमारे संभाग का सबसे उत्कृष्ट स्कूल होगा।
कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने बताया कि विधायक जयंत मलैया ने सान्दीपनि स्कूल का पूरा परिसर देखा और प्रगति की समीक्षा की। उनका लक्ष्य है कि नए शैक्षणिक सत्र से स्कूल प्रारंभ हो जाए। दमोह, पथरिया और जबेरा स्कूलों का लोकार्पण जुलाई में करने की योजना है। स्कूल शिक्षा विभाग, लोक निर्माण विभाग और ठेकेदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। नियमित समीक्षा से कार्य समय पर पूरा होगा।
कलेक्टर श्री कोचर ने कहा कि जिले के लिए यह ऐतिहासिक अवसर होगा कि तीन सान्दीपनि विद्यालयों के साथ मेडिकल कॉलेज भी लोकार्पण के लिये तैयार रहेगा। उन्होने कहा सभी संबंधित विभाग जोर-शोर से तैयारियां कर रहे हैं।

