मड़ियादो थाना पुलिस की सघन वाहन चैकिंग यातायात नियमों के पालन हेतु चालानी कार्यवाही, मालवाहकों में सावारियां बैठाने पर सख्ती

जिले में यातायात जागरूकता एवं सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दमोह पुलिस द्वारा लगातार सघन वाहन चेकिंग की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मड़ियादो थाना पुलिस ने हटा मार्ग पर विशेष चेकिंग अभियान चलाकर नियम विरुद्ध संचालित वाहनों पर चालानी कार्यवाही की।
थाना प्रभारी प्रीति पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वाहनों की जांच करते हुए चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी। चेकिंग के दौरान बड़ी संख्या में मालवाहक वाहनों में सवारियां बैठी पाई गईं। ऐसे वाहन चालकों को मौके पर सख्त चेतावनी दी गई तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालान बनाए गए।
उन्होने बताया कि वर्तमान में क्षेत्र में फसल कटाई का कार्य चल रहा है, जिसके चलते मालवाहक वाहनों में मजदूरों एवं ग्रामीणों का परिवहन किया जा रहा है। इस प्रकार का परिवहन न केवल नियम विरुद्ध है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका को भी बढ़ाता है। इसी को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही है।
यह संपूर्ण अभियान पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना पुलिस द्वारा नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई जा रही है।


