कभी असफलता मिलती भी है तो वह एक रास्ता भले ही बंद कर दे, लेकिन नए अवसरों के द्वार अवश्य खोलती है- कलेक्टर श्री कोचर शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल उमरी में “परीक्षा पर चर्चा” कार्यक्रम संपन्न
कभी असफलता मिलती भी है तो वह एक रास्ता भले ही बंद कर दे, लेकिन नए अवसरों के द्वार अवश्य खोलती है- कलेक्टर श्री कोचर शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल उमरी में “परीक्षा पर चर्चा” कार्यक्रम संपन्न

शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल उमरी में 28 जनवरी को “परीक्षा पर चर्चा” कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में उन्होंने परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रश्न पत्र लिखने की सही तकनीक, प्रश्नों को हल करने का क्रम तथा अधिक अंक प्राप्त करने के व्यावहारिक तरीकों पर विस्तार से चर्चा की।
कलेक्टर श्री कोचर ने विद्यार्थियों को बताया कि परीक्षा में सफलता महत्वपूर्ण है, लेकिन उससे भी अधिक आवश्यक यह है कि जीवन में किए जाने वाले प्रत्येक कार्य में गुणवत्ता कैसे लाई जाए। उन्होंने कहा कि अध्ययन का जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है और यदि कभी असफलता मिलती भी है तो वह एक रास्ता भले ही बंद कर दे, लेकिन नए अवसरों के द्वार अवश्य खोलती है।
उन्होंने विद्यार्थियों को “सैंडविच स्टडी” की अवधारणा भी समझाई। इसके अंतर्गत सबसे नीचे की ब्रेड को स्वयं की पूर्व तैयारी, बीच के मसाले को विद्यालय में कराई गई पढ़ाई और ऊपर की ब्रेड को स्वयं के रिवीजन से जोड़ा। इस प्रकार जब ये तीनों तत्व मिलते हैं, तो संपूर्ण और प्रभावी अध्ययन सामग्री तैयार होती है। कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर श्री कोचर ने सभी विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं में अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी एस.के. नेमा, विद्यालय के प्राचार्य रमेश व्यास, विद्यालय स्टाफ तथा कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी उपस्थित रहे।



