ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान अंतर्गत ग्राम नयागांव में कार्यक्रम आयोजित
अभ्युदय अभियान अंतर्गत ग्राम नयागांव में कार्यक्रम

दमोह: मध्य प्रदेश शासन के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान के अंतर्गत हटा विकासखंड के हटा सेक्टर की ग्राम पंचायत नयागांव में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद जी एवं माँ सरस्वती के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम का संचालन नवांकुर संस्था नर्मदा माधव युवक मंडल द्वारा किया गया। अतिथियों का स्वागत नवांकुर संस्था, प्रस्फुटन समिति के सदस्यों एवं परामर्शदाताओं द्वारा माल्यार्पण कर किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मध्यप्रदेश सरकार के दो वर्ष की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाना रहा। उल्लेखनीय है कि जन अभियान परिषद द्वारा 12 जनवरी से 26 जनवरी तक ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान चलाया गया, जिसके अंतर्गत यह कार्यक्रम आयोजित हुआ।
इस अवसर पर 100 मीटर, 200 मीटर एवं 300 मीटर की दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया। संस्था द्वारा सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कृषि विभाग से उपस्थित कृषि विस्तार अधिकारी शुभम द्विवेदी ने शासन द्वारा संचालित कृषि योजनाओं की जानकारी दी तथा किसानों से फार्मर आईडी बनवाने का आह्वान किया, जिससे उन्हें योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके। वहीं ब्लॉक समन्वयक पुष्पा सिंह ने नवांकुर संस्था नर्मदा माधव को पंचायत स्तर पर इस प्रकार के कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने हेतु प्रेरित किया, ताकि जनकल्याणकारी योजनाएँ जन-जन तक पहुँच सकें।


