बाल विवाह रोकथाम को लेकर जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित, सामूहिक प्रयासों पर दिया जोर


दमोह। देवउठनी एकादशी के बाद विवाह समारोहों का सीजन शुरू होने को ध्यान में रखते हुए बाल विवाह की रोकथाम के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग एवं संकल्प समाज सेवी संस्था के संयुक्त तत्वावधान में जनपद पंचायत दमोह के सभागार में जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में बाल विवाह की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, मंदिरों के पुजारियों, विभागीय अधिकारियों, विवाह आयोजनों से जुड़े बैंड संचालकों, हलवाई, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा बाल कल्याण समिति के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। बैठक के दौरान बाल विवाह के दुष्परिणामों, बच्चों के अधिकारों एवं बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों पर चर्चा की गई। उपस्थित प्रतिभागियों ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए तथा समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी से बाल विवाह रोकने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया। बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि विवाह आयोजनों से जुड़े सभी लोग अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाएं और कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग एवं प्रशासन को सूचित करें। मंदिरों के पुजारियों, बैंड संचालकों, हलवाई एवं अन्य सेवा प्रदाताओं से भी अपील की गई कि वे बाल विवाह में किसी प्रकार का सहयोग न करें तथा बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। उल्लेखनीय है कि संकल्प समाज सेवी संस्था वर्ष 2022 से दमोह जिले में बाल विवाह की रोकथाम एवं बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संस्था द्वारा गांव-गांव में जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से समुदाय को बाल विवाह के प्रति जागरूक किया जा रहा है। बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग से सीडीपीओ कैलाश राप, सुलेचना ठाकुर, बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी श्री कुर्मी सहित नर्मदा सिंह, एकता रोजी, बंग्गा, रश्मि वर्मा, एकता विश्वकर्मा, रजनी ठाकुर, जितेन्द्र जैन, मनोज रजक, जासिद खान एवं सौरभ पौराणिक सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। ’बैठक का मुख्य संदेश रहा कि बाल विवाह रोकना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। मिलकर प्रयास करने से ही बाल विवाह मुक्त दमोह का सपना साकार हो सकता है।’


