

दमोह। नगर के प्राचीनतम जिनालय श्री देव पार्श्वनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में भव्य वेदी प्रतिष्ठा, कलशारोहण एवं विश्व शांति महायज्ञ महोत्सव भक्ति मय उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंदिर जी के शिखर पर कलशारोहण के दौरान श्रावक जनों के बीच विशेष उत्साह का माहौल देखने को मिला। दमोह नगर के सबसे प्राचीन जिनालय श्री देव पार्श्वनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्या सागर जी एवं आचार्य श्री समयसागर के मंगल आशीर्वाद एवं निर्यापक श्रमण मुनि श्री सुधासागर जी की पावन प्रेरणा से आयोजित भव्य वेदी प्रतिष्ठा, स्वर्ण कलशारोहण एवं विश्व शांति महायज्ञ महोत्सव का अत्यंत भक्तिभाव और हर्षाेल्लास के साथ समापन हुआ। इस अवसर पर नवीन एवं अत्यंत मनोहारी वेदी में भगवान आदिनाथ जी, भगवान भरत स्वामी जी एवं भगवान बाहुबली स्वामी जी की दिव्य एवं मनोहारी प्रतिमाओं को विधि-विधान से विराजमान किया गया महोत्सव के अंतर्गत चार दिनों तक धार्मिक एवं मांगलिक अनुष्ठान संपन्न हुए। प्रथम दिवस महोत्सव का शुभारंभ प्रातःकाल बैंड-बाजों और जयकारों के साथ निकाली गई भव्य घटयात्रा से हुआ। इसके पश्चात मंदिर परिसर में विधिवत ध्वजारोहण किया गया और मांगलिक क्रियाओं के लिए सौभाग्य शाली पात्रों का चयन हुआ। संध्याकाल में भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। द्वितीय दिवस प्रातःकालीन बेला में अभिषेक व पूजन के उपरांत संगीत मय श्री याग मंडल विधान का आयोजन किया गया। विधान के माध्यम से श्रद्धालुओं ने अर्घ्य समर्पित कर विश्व कल्याण की कामना की। शाम को दीपों की जगमगाहट के बीच महाआरती संपन्न हुई। तृतीय दिवस महोत्सव के मुख्य दिन प्रातःकाल नित्य पूजन एवं अभिषेक के उपरांत विश्व शांति महायज्ञ एवं हवन-पूर्णाहुति संपन्न हुई, जिसमें श्रद्धालुओं ने विश्व कल्याण की कामना से आहुतियां दीं। इसके पश्चात दोपहर की शुभ बेला में मंत्रोच्चार एवं मंगल ध्वनि के बीच कलात्मक एवं मनोहारी वेदी पर जिनबिंब (भगवान आदिनाथ जी, भगवान भरत स्वामी जी एवं भगवान बाहुबली स्वामी जी की मनोहारी मूर्तियों) की स्थापना की गई। इसी शुभ अवसर पर मंदिर शिखर पर कलशारोहण, ध्वजारोहण तथा भगवान को छत्र एवं चमर समर्पण की पावन क्रियाएं संपन्न हुईं। संध्या समय में विशेष महाआरती का आयोजन हुआ। चतुर्थ दिवस समापन पर नवीन वेदी में विराजमान होने के पश्चात प्रथम बार भगवान आदिनाथ जी, भगवान भरत स्वामी जी एवं भगवान बाहुबली स्वामी जी का भव्य महामस्तकाभिषेक एवं प्रथम शांतिधारा संपन्न हुई, जिसके साथ चार दिवसीय महोत्सव का सानंद समापन हुआ। मंदिर प्रबंध समिति एवं महोत्सव आयोजन समिति ने इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी त्यागी-व्रतियों, विद्वानों, प्रशासन और सकल दिगंबर जैन समाज, दमोह के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। आयोजन के दौरान सकल जैन समाज की बड़ी संख्या मैं सहभागिता रही।

