कृषक बंधु डी.ए.पी. के बेहतर विकल्पों का करें उपयोग डी.ए.पी. के अन्य विकल्प डी.ए.पी. से भी अधिक उपयोगी
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव द्वारा दिये गए निर्देशों के क्रम में किसानों को उर्वरकों के संतुलित उपयोग के प्रति जागरूक किया जा रहा है। कृषि विभाग द्वारा किसानों को डीएपी (डाई-अमोनियम फॉस्फेट) के विकल्प के रूप में टीएसपी (ट्रिपल सुपर फॉस्फेट) एवं यूरिया के संयुक्त उपयोग की जानकारी दी जा रही है ताकि किसान अपनी फसलों की पोषण आवश्यकता के अनुसार उर्वरकों का बेहतर प्रबंधन कर सकें तथा डीएपी पर निर्भरता कम कर सकें।
उप संचालक कृषि कीर्ति वर्मा ने बताया टीएसपी एवं यूरिया को मिलाकर उपयोग करने से डीएपी के समान पोषक तत्व प्राप्त होते हैं। साथ ही उसमें सल्फर एवं केल्सियम पोषक तत्व अतिरिक्त प्राप्त होता है जो फसलों के लिए आवश्यक है। डीएपी के स्थान पर टीएसपी एवं यूरिया का संयोजन अपनाकर फसलों को आवश्यक फॉस्फोरस एवं नाइट्रोजन उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने पोषक तत्वों एवं लागत का तुलनात्मक विवरण बताते हुए कहा कि डीएपी की एक 50 किलोग्राम बोरी से 23 किलोग्राम फॉस्फोरस एवं 9 किलोग्राम नाइट्रोजन प्राप्त होती है। टीएसपी की एक 50 किलोग्राम बोरी से 23 किलोग्राम फॉस्फोरस प्राप्त होता है। टीएसपी के साथ 20 किलोग्राम यूरिया का उपयोग करने पर लगभग 9 किलोग्राम नाइट्रोजन प्राप्त होती है तथा टीएसपी में 6 किलोग्राम सल्फर एवं 8 किलोग्राम केल्सियम पोषक प्राप्त होगा।
डीएपी और टीएसपी की लागत की तुलनात्मक जानकारी देते हुए बताया कि 50 किलोग्राम डीएपी की कीमत 1350 रुपये है तथा 50 किलोग्राम टीएसपी की कीमत 1300 रुपये है। बीस किलोग्राम यूरिया की कीमत 120 रुपये है। इस प्रकार 70 किलोग्राम टीएसपी और यूरिया की कीमत 1420 रुपये है। इन दरों के अनुसार टीएसपी एवं यूरिया के संयुक्त उपयोग पर डीएपी की एक बोरी की तुलना में मात्र 70 रुपये अतिरिक्त खर्च आता है जिससे हमें 70 किलोग्राम टीएसपी और यूरिया का मिश्रण प्राप्त होता है।
उन्होंने जिले के किसान भाइयों से अपील करते हुए कहा केवल परम्परागत रूप से डीएपी पर निर्भर न रहें, बल्कि अपनी फसल, मिट्टी परीक्षण रिपोर्ट एवं पोषक तत्वों की आवश्यकता के अनुसार टीएसपी और यूरिया जैसे वैकल्पिक उर्वरकों का भी उपयोग करें। उर्वरकों का संतुलित उपयोग न केवल फसल उत्पादन एवं गुणवत्ता में सुधार के लिए आवश्यक है।


