
प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सह जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रीता चटर्जी ने बताया कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और एनीमिया की रोकथाम के लिए जिले में 6 अक्टूबर को 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों का कृमिनाशन किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग एवं सहयोगी विभागों के समन्वय से बच्चों को निर्धारित केंद्रों, स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों पर एल्बेंडाजोल की कृमिनाशक दवा दी जाएगी।
गैर पंजीकृत और स्कूल न जाने वाले बच्चों को भी यह दवाई नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र में खिलाई जाएगी। अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को कृमिनाशक दवा अवश्य दिलाएं।
जिला कृमि नाशन नोडल अधिकारी सह जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. विक्रांत चौहान ने बताया कि पेट में मौजूद कृमि बच्चों के भोजन से मिलने वाले पोषक तत्वों का उपयोग कर लेते हैं। कुछ प्रकार के कृमि शरीर में खून की कमी यानी एनीमिया का कारण भी बन सकते हैं, जिससे बच्चों में कमजोरी, थकान और पोषण संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। इससे बचाव के लिए कृमि नाशन किया जाएगा।
कैसे दी जाएगी दवा?
कृमिनाशक दवा बच्चों की उम्र के अनुसार दी जाएगी-
– 1 से 2 वर्ष- 200 मि.ग्रा. एल्बेंडाजोल (400 मि.ग्रा. की आधी गोली), पीसकर पानी में मिलाकर।
– 2 से 3 वर्ष- 400 मि.ग्रा. की पूरी गोली पीसकर पानी में मिलाकर।
– 3 से 19 वर्ष- 400 मि.ग्रा. की पूरी गोली अच्छी तरह चबाकर, फिर पानी पीना है। दवा को बिना चबाए सीधे निगलने से बचना चाहिए।
उन्होंने बताया कि दवा बच्चों को स्वास्थ्यकर्मी/शिक्षक/आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की निगरानी में निर्धारित तरीके से खिलाई जाएगी।
किन बातों का रखें ध्यान?
जो बच्चे बीमार है या कोई दवाई ले रहे हैं या खाली पेट हैं उन्हें कृमि नाशन दवा एल्बेंडाजोल नहीं खिलाई जाएगी।
दवा लेने के बाद हल्की मितली, पेट में असहजता जैसी मामूली परेशानी हो सकती है, जो सामान्यतः थोड़े समय में ठीक हो जाती है। अधिक परेशानी होने पर स्वास्थ्यकर्मी से संपर्क करें।
स्वस्थ बच्चा ही स्वस्थ परिवार और स्वस्थ भविष्य की नींव है। कृमिनाशक दिवस पर अपने बच्चे को दवा जरूर दिलाएं।


