मध्य प्रदेश
Trending

दमोह जिले में अवैध कैल्शियम कार्बाइड गन (देशी गन) के उपयोग, निर्माण, भंडारण एवं विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध

दमोह जिले में अवैध कैल्शियम कार्बाइड गन (देशी गन) के उपयोग, निर्माण, भंडारण एवं विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध

एक दल का होगा गठन गठित दल आगामी 02 दिवस के भीतर अवैध गन एवं पटाखों के विक्रय, भंडारण और निर्माण के संबंध में जाँच एवं निरीक्षण कर अपना प्रतिवेदन उपखंड मजिस्ट्रेट को प्रस्तुत करेगा
आदेश तत्काल प्रभाव से लागू
आदेश का उल्लंघन करने वाले दोषियों के विरुद्ध अन्य अधिनियमों के तहत होगी कठोर कार्रवाई
दमोह: 24 अक्टूबर 2026
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री प्रताप नारायण यादव ने जनसुरक्षा, लोकशांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत दमोह जिले की राजस्व सीमा क्षेत्र में पटाखों के निर्माण, भंडारण और विक्रय पर प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया हैं। हाल ही में विभिन्न माध्यमों से यह बात ध्यान में लाई गई थी कि बच्चे से लेकर व्यस्क तक लोहा, स्टील अथवा पीवीसी पाइपों में विस्फोटक पदार्थ भरकर अत्यधिक ध्वनि उत्पन्न करने वाली अवैध कैल्शियम कार्बाइड गन (देशी गन) का उपयोग कर रहे हैं।
कैल्शियम कार्बाइड गन (देशी गन) के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध
दमोह जिले की राजस्व सीमा के अंतर्गत लोहा, स्टील या पीवीसी पाइपों व गैस लाइटर का उपयोग कर अवैध कैल्शियम कार्बाइड गन (देशी गन) बनाने, उसका उपयोग करने, भंडारण करने तथा विक्रय करने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। इस गन के फटने पर कार्बाइड और पानी के मिश्रण से बनने वाली एसिटिलीन गैस तथा प्लास्टिक के छोटे टुकड़े शरीर, आँख, त्वचा, मस्तिष्क और नर्वस सिस्टम को गंभीर क्षति पहुँचाते हैं। आगामी त्योहारों, विवाह समारोहों एवं अन्य आयोजनों के दौरान इसके बढ़ते उपयोग की आशंका को देखते हुए यह सख्त कदम उठाया गया है।
स्वास्थ्य एवं जनहानि का गंभीर खतरा
इस अवैध गन के उपयोग के दौरान कार्बाइड और पानी के मिश्रण से एसिटिलीन गैस उत्पन्न होती है, जो न केवल आँखों के लिए बल्कि दिमाग और नर्वस सिस्टम के लिए भी अत्यंत घातक है। इसके उपयोग से व्यक्तियों को शारीरिक नुकसान जैसे चेहरे, त्वचा, आँखों और कानों को नुकसान पहुँचने का लगातार अंदेशा बना रहता है।
प्रतिबंधित पटाखे एवं श्रेणियाँ
जिला प्रशासन द्वारा निम्न प्रकार के पटाखों के निर्माण, भंडारण और विक्रय पर रोक लगाई है यथा ऐसे पटाखों का निर्माण जिनमें बेरियम साल्ट (Barium salt) का उपयोग किया गया हो, ऐसे पटाखे जिनकी तीव्रता विस्फोट स्थल से 4 मीटर की दूरी पर 125 डेसिबल से अधिक हो, ऐसे पटाखे जिनके निर्माण में एंटीमनी, लिथियम, मर्करी, आर्सेनिक, लेड, स्ट्रोंसियम और क्रोमेट का उपयोग किया गया हो।
     उन्होंने प्रतिबंधित आतिशबाजी गतिविधियों के तहत सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निम्न गतिविधियों को पूरी तरह प्रतिबंधित किया है यथा पटाखों का ई-कॉमर्स कंपनियों अथवा निजी व्यक्तियों द्वारा ऑनलाइन विक्रय तथा गैर-लाइसेंसी व्यक्तियों द्वारा विक्रय प्रतिबंधित रहेगा।
 * रात्रि 10:00 बजे से प्रातः 07:00 बजे तक पटाखे और आतिशबाजी चलाना प्रतिबंधित रहेगा। शांत क्षेत्रों अर्थात अस्पताल, नर्सिंग होम, स्वास्थ्य केंद्र, शिक्षण संस्थानों, माननीय न्यायालयों, धार्मिक स्थलों इत्यादि से 100 मीटर की दूरी तक पटाखे जलाना प्रतिबंधित रहेगा। आयुध निर्माणियों, पेट्रोल पंप, गैस गोदाम, और आतिशबाजी बाजारों जैसे अन्य ज्वलनशील स्थानों पर पटाखे चलाना प्रतिबंधित रहेगा।
निरीक्षण दल का गठन एवं जाँच प्रक्रिया
 कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री यादव ने इस आदेश का सख्ती से पालन कराने के लिए अपर कलेक्टर को जिला नोडल अधिकारी तथा समस्त उपखंड मजिस्ट्रेटों (SDM) को अपने क्षेत्रंतर्गत सहायक नोडल अधिकारी बनाया है। प्रत्येक उपखंड मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्र के मुख्य नगरपालिका अधिकारी, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और संबंधित थाना प्रभारी को शामिल करते हुए एक दल का गठन करेंगे। यह गठित दल आगामी 02 दिवस के भीतर अवैध गन एवं पटाखों के विक्रय, भंडारण और निर्माण के संबंध में जाँच एवं निरीक्षण कर अपना प्रतिवेदन उपखंड मजिस्ट्रेट को प्रस्तुत करेगा।
आदेश की अवधि एवं वैधानिक कार्रवाई
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और यदि इसे विखंडित न किया जाए तो जारी दिनांक से आगामी दो माह तक प्रभावशाली रहेगा। इस आदेश का उल्लंघन करने वाले दोषियों के विरुद्ध अन्य अधिनियमों के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अक्ष भारत

अक्षय भारत के सम्माननीय पाठकों को प्रियदर्शन जैन की तरफ से सदर नमन यह न्यूज़ प्लेटफार्म सामाजिक,राजनीति, खेल, धार्मिक, व्यापार,चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, राजनीति से जुड़ी खबरों को आम जन तक निष्पक्ष एवं पारदर्शिता के साथ पहुंचने में पिछले कई वर्षों से लगातार बिना रुके अपनी सेवाएं देते आ रहे हैं खबरों एवं विज्ञापनों हेतु संपर्क करने के लिए आप हमारी ईमेल आईडी एवं व्हाट्सएप नंबर पर भी संपर्क कर सकते हैं एडिटर - प्रियदर्शन जैन Email.apsaragroup24x7.in WhatsApp.9826674474,9425474474

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!