श्री पारसनाथ जैन मंदिर में क्षमावाणी पर्व पर शामिल हुए राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी भगवान महावीर स्वामी की चरण वंदना कर श्रद्धालुओं को दी उत्तम क्षमा की शुभकामनाएं

श्री पारसनाथ दिगंबर जैन मंदिर में रविवार को दशलक्षण महापर्व के समापन अवसर पर क्षमावाणी पर्व श्रद्धा और धार्मिक भावनाओं के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी शामिल हुए। उन्होंने भगवान पारसनाथ की चरण वंदना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
राज्यमंत्री श्री लोधी ने उपस्थित श्रद्धालुओं एवं समाजजनों को संबोधित करते हुए उत्तम क्षमा की मंगलकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि क्षमावाणी पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देता है। यह पर्व हमें मन, वचन और कर्म से हुई भूलों के लिए एक-दूसरे से क्षमा मांगने और सभी के प्रति क्षमा का भाव रखने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री ने दशलक्षण महापर्व के 10 दिनों में आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं कीं।


