
दमोह। श्री 1008 पार्श्वनाथ भगवान के निर्वाण कल्याणक (मुकुट सप्तमी) के पावन अवसर पर श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन सदगुवां मंदिर, सागर नाका, दमोह में 19 अगस्त को वर्ष में एक बार आयोजित होने वाला महामस्तकाभिषेक महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। प्रतिष्ठाचार्य ब्रह्मचारी श्री अजय भैया जी (झापन, तमूरा वाले) के निर्देशन में आयोजित इस विशेष महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान पार्श्वनाथ का महामस्तकाभिषेक एवं पूजन कर धर्मलाभ प्राप्त किया। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर आचार्य श्री सुनील सागर जी के परम प्रभावक शिष्य मुनि श्री सुश्रुत सागर जी का मंगल सानिध्य प्राप्त हुआ। मुनिश्री ने भगवान पार्श्वनाथ के मोक्ष कल्याणक की महिमा बताते हुए कहा कि भगवान पार्श्वनाथ ने कठोर तप, संयम एवं आत्मसाधना के माध्यम से कर्मों का क्षय कर मोक्ष पद प्राप्त किया। उनका जीवन हमें अहिंसा, करुणा, संयम और आत्मकल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। महोत्सव में नीचे की वेदी पर प्रातः प्रथम महामस्तकाभिषेक तथा मध्य वेदी पर महामस्तकाभिषेक, निर्वाण लाडू समर्पण एवं दीपोत्सव भक्तिभाव से सम्पन्न हुआ। प्रथम अभिषेक एवं शान्तिधारा करने का सौभाग्य महापात्रों को प्राप्त हुआ। दोपहर में श्री कल्याण मंदिर विधान का आयोजन किया गया।
जैन धर्म के 23वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ अहिंसा, संयम, तप एवं करुणा के महान संदेशवाहक थे। सम्मेद शिखर जी की पावन भूमि पर उन्होंने समस्त कर्मों का क्षय कर मोक्ष पद प्राप्त किया। भगवान का निर्वाण कल्याणक श्रद्धालुओं को आत्मशुद्धि, संयम एवं मोक्षमार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। पूरे आयोजन के दौरान सदगुवां मंदिर परिसर भगवान पार्श्वनाथ के जयकारों एवं भक्तिभाव से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने परिवार सहित सहभागिता कर अभिषेक, पूजन एवं धार्मिक कार्यक्रमों का धर्मलाभ प्राप्त किया। महोत्सव की सफलता में सकल दिगम्बर जैन समाज, सदगुवां मंदिर समिति तथा आयोजन में तन-मन-धन एवं समय से सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं, महापात्रों, कार्यकर्ताओं, दानदाताओं एवं सहयोगियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया गया।
