शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी- सीईओ श्री फुलपगारे भविष्य में घाट का रंग-रोगन एवं सौंदर्यीकरण भी कराया जाएगा- सीएमओ श्री लोधी बेलाताल घाट पर चला विशेष स्वच्छता अभियान, अधिकारियों और नागरिकों ने दिया स्वच्छता का संदेश

विश्व पर्यावरण दिवस से लेकर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून तक शासन के निर्देशानुसार जिले में विभिन्न जनजागरूकता एवं स्वच्छता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में बेलाताल स्थित निर्मल घाट पर सीईओ जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे के नेतृत्व में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में स्वच्छता एम्बेसडर हरीश पटेल एवं उनकी टीम, जन अभियान परिषद से सुशील नामदेव व उनकी टीम, स्वच्छता मित्रों, शिक्षको तथा नगर पालिका के सीएमओ राजेंद्र सिंह लोधी, अधिकारियों-कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार जिले में सफाई अभियान, जल स्रोतों की सफाई, गहरीकरण एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम लगातार संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेलाताल का यह स्थल ऐसा स्थान है, जहाँ लोग पूजन सामग्री का विसर्जन करते हैं, जिसके कारण घाट पर अत्यधिक गंदगी जमा हो गई थी। आज नगरपालिका की टीम, जिले के विभिन्न अधिकारीगण, उम्मीद टीम तथा गणमान्य नागरिकों ने मिलकर घाट की साफ-सफाई कर उसे बेहतर स्वरूप प्रदान किया। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाएँ तथा जहाँ भी गंदगी दिखाई दे, वहाँ स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी राजेन्द्र सिंह लोधी ने कहा कि पर्यावरण दिवस से योग दिवस तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बेलाताल घाट पर स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि भविष्य में घाट का रंग-रोगन एवं सौंदर्यीकरण भी कराया जाएगा। साथ ही नागरिकों से स्वच्छता कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करने एवं घाटों पर गंदगी न फैलाने की अपील की।
अभियान की विशेष बात यह रही कि मार्ग से गुजर रहे दो नागरिकों ने स्वेच्छा से रुककर सफाई कार्य में सहयोग किया। वहीं मंदिर दर्शन के लिए आई एक महिला उन्होंने भी जागरूकता दिखाते हुए स्वच्छता अभियान में भाग लेकर सफाई कार्य में सहयोग किया। प्रशासन ने इसे जनभागीदारी और स्वच्छता जागरूकता का सकारात्मक उदाहरण बताया।
इस अवसर पर उपस्थित आम नागरिकों ने भी शहर, तालाबों एवं सड़कों को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया। नागरिकों ने कहा कि स्वच्छ शहर केवल प्रशासन की नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और सभी के सहयोग से ही शहर को सुंदर एवं स्वच्छ बनाया जा सकता है।


