उपभोक्ताओं को गैस रिफिल वितरण में न हो परेशानी- कलेक्टर श्री यादव गैस एजेंसियों को आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत जिले की सभी गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं के हित में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। उद्देश्य यह है कि उपभोक्ताओं को गैस रिफिल की बुकिंग एवं होम डिलेवरी के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जारी आदेशानुसार होम डिलेवरी के समय हॉकर्स द्वारा किसी भी प्रकार की अतिरिक्त राशि की मांग न की जाए। ऑनलाइन बुकिंग के उपरांत ही उपभोक्ताओं को गैस रिफिल प्रदान किया जाए। होम डिलेवरी के समय उपभोक्ताओं को कम्प्यूटराइज्ड रसीद उपलब्ध कराई जाए। केवल पात्र एवं पंजीकृत उपभोक्ताओं को ही गैस सिलेण्डर प्रदान किए जाएं। अनाधिकृत स्थलों पर सिलेण्डरों का भंडारण एवं विक्रय पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बुकिंग एवं समस्त प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद ही रिफिल उपलब्ध कराया जाए। बिना बुकिंग किसी भी उपभोक्ता को गैस रिफिल प्रदाय नहीं किया जाए। गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं की समस्याओं जैसे ई-केवाईसी (E-KYC), मोबाइल नंबर परिवर्तन एवं अन्य संबंधित समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।


