गंगा दशहरा अभियान के तहत गौरेया नदी में श्रमदान, एसडीएम ने दिए चैक डेम निर्माण के निर्देश

गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर मध्यप्रदेश शासन द्वारा चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन कार्यक्रम के तहत तेंदूखेड़ा में गौरेया नदी घाट पर विशेष स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान तेंदूखेड़ा एसडीएम सी.जी. गोस्वामी ने नगर परिषद कर्मचारियों एवं अधिकारियों के साथ स्वयं श्रमदान कर नदी घाट की सफाई की तथा झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान के दौरान एसडीएम श्री गोस्वामी ने गौरेया नदी के संरक्षण एवं जल संवर्धन को ध्यान में रखते हुए चैक डेम निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण समय की आवश्यकता है तथा जनभागीदारी से ही जल संरक्षण अभियान सफल हो सकता है।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश चंद जैन, सीएमओ प्रेम सिंह चौहान, सहित नगर परिषद का पूरा अमला उपस्थित रहा। सभी ने मिलकर घाटों की सफाई कर लोगों को स्वच्छता एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया। गंगा दशहरा पर्व पर आयोजित इस अभियान के माध्यम से प्रशासन ने जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संवर्धन का संदेश दिया।


