विश्व पृथ्वी दिवस पर उदयपुरा प्लांटेशन में पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम, छात्र छात्राओं ने बीजारोपण किया

विश्व पृथ्वी दिवस पर मडियादो वन परिक्षेत्र बफर के उदयपुरा प्लांटेशन में पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत कार्यक्रम किया गया। आज बोया कल उगाया की थीम पर नर्सरी स्थापना और पर्यावरण संरक्षण अभियान के लिए मड़ियादो, कलकुआ, उदयपुरा स्कूल के छात्र-छात्राओं ने बीजारोपण किया।
वन परिक्षेत्र अधिकारी मड़ियादो बफ़र जेपी मिश्रा और सहायक परिक्षेत्र अधिकारी प्रमोद शुक्ला ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कार्य करने पौधे रोपने, पेड़ो की रक्षा करने, वन और वन्य जीवों की सुरक्षा, जल संरक्षण आदि की अपील करते हुए विभिन्न जानकारियां दी, पन्ना टाइगर रिजर्व में पाए जाने वाले वन्य जीवों, पशु पक्षियों, जीवन रेखा केन नदी, भौतिक संरचना और गतिविधियों की क्रम बार जानकारी और प्रश्न उत्तर भी किए।
वनपरिक्षेत्र अधिकारी जे.पी मिश्रा ने कार्यक्रम के माध्यम से सभी को संदेश दिया कि फल, सब्जियों आदि के बीज जंगल मे फेंके, आपका फेंका एक बीज यदि पौधा और पेड़ बनेगा तो पर्यावरण संरक्षण में योगदान होगा।
जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अभिषेक जैन ने भी छात्र छात्राओं से संवाद कर पर्यावरण से जुड़ी जानकारियां देकर सभी को पृथ्वी दिवस की शुभकामनाएं दी और ऐसे कार्यक्रमों की सराहना की। कार्यक्रम में छात्र छात्राएं काफी उत्साहित नजर आए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अभिषेक जैन, सरपंच गोबन्दी आदिवासी, वन समिति अध्यक्ष परशु आदिवासी, स्कूल प्राचार्य अमित छिरोलया, दिनेश कुमार सहित वन कर्मचारियों में ऋषि पटेरिया, रामगोपाल अहिरवार,सुधाकर पांडे, गुलशन मिश्रा, वीरेश खटीक, भूपेंद्र पटेल और सुरक्षा श्रमिको की मौजूदगी रही।



