नवजात शिशुओं को निमोनिया और ठंड से बचाएं, समय पर टीकाकरण एवं बेहतर देखभाल से सुरक्षित बनाएं उनका भविष्य नवजात शिशु देखभाल सप्ताह के अंतर्गत माताओं एवं परिजनों को किया जा रहा जागरूक

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर राकेश राय ने बताया कि नवजात शिशु का जीवन के शुरुआती दिन उसके स्वस्थ भविष्य की नींव होते हैं। विशेषकर सर्दियों के मौसम में नवजात एवं छोटे बच्चों को निमोनिया, सर्दी-जुकाम तथा अन्य संक्रमणों से बचाना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से राष्ट्रीय नवजात शिशु देखभाल सप्ताह (15 से 21 नवंबर) के अंतर्गत जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा माताओं, परिजनों एवं समुदाय को नवजात शिशुओं की समुचित देखभाल, पोषण एवं बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
निमोनिया से बचाव के लिए सतर्कता और समय पर उपचार जरूरी
स्वास्थ्य विभाग द्वारा संस्था एवं समुदाय स्तर पर बच्चों के अभिभावकों को बताया जा रहा है कि निमोनिया बच्चों में होने वाला गंभीर संक्रमण है, जिससे बचाव के लिए विशेष सावधानी आवश्यक है। बच्चों को ठंड एवं ठंडी हवा से बचाएं, मौसम के अनुरूप गर्म कपड़े पहनाएं तथा सिर, हाथ और पैरों को ढककर रखें। बच्चे को धुएं, धूल एवं प्रदूषण से दूर रखें। छह माह तक शिशु को केवल मां का दूध पिलाएं। बच्चे को तेज या बार-बार सांस चलना, छाती का अंदर धंसना, दूध पीने में परेशानी अथवा असामान्य सुस्ती जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य संस्था में चिकित्सकीय जांच कराएं।
समय पर टीकाकरण से गंभीर बीमारियों से सुरक्षा
माताओं को बच्चों के नियमित टीकाकरण का महत्व समझाते हुए बताया जा रहा है कि समय पर सभी निर्धारित टीके लगवाना आवश्यक है। विशेष रूप से न्यूमोकोकल कंजुगेट वैक्सीन (च्ब्ट) बच्चों को न्यूमोकोकल बैक्टीरिया से होने वाले गंभीर संक्रमण, जैसे निमोनिया, मेनिन्जाइटिस एवं अन्य बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
मां का दूध और पौष्टिक आहार, मजबूत प्रतिरोधक क्षमता का आधार
शिशु को जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान शुरू कराने तथा छह माह तक केवल मां का दूध पिलाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। छह माह की आयु पूर्ण होने पर मां के दूध के साथ ऊपरी पूरक आहार शुरू करें। बच्चों को उनकी उम्र के अनुसार ताजा, पौष्टिक एवं विविधतापूर्ण भोजन दें। भोजन की स्वच्छता और बच्चे को साफ पानी उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दें।
कम वजन एवं समय पूर्व जन्मे शिशुओं के लिए कंगारू मदर केयर जरूरी
कम वजन एवं समय से पहले जन्म लेने वाले शिशुओं को विशेष देखभाल की आवश्यकता होती है। ऐसे बच्चों की माताओं को कंगारू मदर केयर के बारे में जानकारी दी जा रही है। इसमें शिशु को मां या अन्य देखभालकर्ता की छाती से त्वचा के सीधे संपर्क में रखकर गर्माहट प्रदान की जाती है। इससे शिशु के शरीर का तापमान बनाए रखने, स्तनपान को बढ़ावा देने तथा उसके स्वस्थ विकास में मदद मिलती है।
स्वच्छता और सुरक्षित वातावरण भी जरूरी
माताओं एवं परिजनों को शिशु को छूने से पहले हाथ धोने, बच्चे के कपड़े एवं बिस्तर साफ रखने, आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा संक्रमण से बचाव के उपाय अपनाने की समझाइश दी जा रही है। नवजात शिशु को अनावश्यक रूप से भीड़भाड़ एवं बीमार व्यक्तियों के संपर्क में लाने से बचने की सलाह दी जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आशा एवं एएनएम के माध्यम से घर-घर संपर्क कर माताओं को नवजात शिशु की देखभाल, पोषण, नियमित टीकाकरण एवं बीमारी के शुरुआती लक्षणों की पहचान के संबंध में जानकारी दी जा रही है, ताकि समय रहते उचित उपचार सुनिश्चित कर शिशुओं को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।

