न्यायोत्सव: विधिक सेवा सप्ताह अंतर्गत बाइक रैली का आयोजन प्रधान जिला न्यायाधीश द्वारा हरी झण्डी दिखाकर रैली का किया ”शुभारंभ”


म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष सुभाष सोलंकी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दमोह के मार्गदर्शन में न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह अंतर्गत 19 नवम्बर 2026 को न्यायोत्सव: विधिक सेवा सप्ताह अंतर्गत आम नागरिकों को उनके विधिक अधिकारों व कानूनी प्रावधान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विधिक जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुभाष सोलंकी द्वारा हरी झंडी दिखाकर ए.डी.आर. भवन जिला न्यायालय परिसर दमोह से किया गया।
उक्त शुभारंभ अवसर पर विशेष न्यायाधीश उदय सिंह मरावी, जिला न्यायाधीश संतोष गुप्ता, जिला न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पंकज वर्मा, जिला न्यायाधीश विश्वनाथ शर्मा, पंकज शर्मा, मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी स्नेहा सिंह, न्यायिक मजिस्ट्रेट आज्ञा अग्रवाल, दीर्घा ऐरन, निलेष मुलतकर, पलक सिंघई दिवाकर, उत्कर्ष दिवाकर, अध्यक्ष जिला अधिवक्ता संघ मुकेश पाण्डे, जिला विधिक सहायता अधिकारी रजनीश चौरसिया, लीगल एड डिफेंस काउंसिल (न्याय रक्षक) पैरालीगल वॉलिंटियर (अधिकार मित्र) एवं कार्यालयीन कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
जिला न्यायाधीश एवं सचिव पंकज वर्मा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दमोह द्वारा बताया गया कि उक्त बाइक रैली आम जनता को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किए जाने हेतु जिला न्यायालय के प्रांगण से होकर अंबेडकर चौक, घंटाघर, धगट चौराहा, पलंदी चौराहा, राय चौराहा, स्टेशन चौराहा, तीन गुल्ली, किल्लाई नाका, कलेक्ट्रेट, एसपी ऑफिस, बेलाताल, जिला जेल से होकर जिला न्यायालय परिसर दमोह में समाप्त हुई। बाइक रैली के माध्यम से आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता, महिलाओं व बच्चों के अधिकार, नशा की रोकथाम, बालश्रम सहित विभिन्न विधिक सहायता की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष मुकेश पाण्डे ने कहा कि विधिक जागरूकता समाज के प्रत्येक व्यक्ति के लिये आवश्यक है, ताकि नागरिक किसी भी प्रकार के शोषण एवं अन्याय के विरूद्ध आवाज उठा सके। उन्होंने कहा अधिवक्ताओं का दायित्व केवल न्यायालय तक सीमित नही है बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय व कानून की जानकारी पंहुचाना भी है।
जिला विधिक सहायता अधिकारी रजनीश चौरसिया ने बाइक रैली में सम्मिलित समस्त अधिवक्तागण, पी.एल.व्ही. व कर्मचारिगण का बाइक रैली के सफल आयोजन हेतु आभार व्यक्त किया साथ ही अपील की गई किसी भी प्रकार की विधिक सहायता एवं परामर्श के लिये निःशुल्क विधिक सेवा हेल्पलाईन नम्बर 15100 पर संपर्क करें।
बाइक रैली के पूर्व एडीआर भवन के सम्मुख स्थापित विधिक सेवा प्रर्दशनी का शुभारंभ प्रधान जिला न्यायाधीश के द्वारा किया गया विधिक सेवा प्रर्दशनी के माध्यम से आम नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता, मध्यस्थता, नशा उन्मूलन, महिला व बच्चों के अधिकार, घरेलू हिंसा, बाल-विवाह सहित विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई प्रर्दशनी में पोस्टर, बैनर के माध्यम से विधिक सेवाओं को सरल व सहज रूम में प्रर्दशित किया गया। उल्लेखनीय है कि विधिक सेवा सप्ताह अंतर्गत 14 से 20 नवम्बर तक विभिन्न वर्गो को विधिक सेवा योजनाओं की जानकारी एवं विद्यालयों में विभिन्न विषयों पर निबंध, चित्रकला इत्यादि का आयोजन किया गया।


