अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर जा रहे दो आरोपी गिरफ्तार, 3 किलो 980 ग्राम गांजा जब्त
अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर जा रहे दो आरोपी गिरफ्तार, 3 किलो 980 ग्राम गांजा जब्त

पुलिस ने चिरौल तिराहा पर घेराबंदी कर पकड़ा, जब्त गांजे की कीमत करीब 60 हजार रुपये
पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कलादगि (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुजीत सिंह भदौरिया के निर्देशन एवं एसडीओपी कृष्णपाल सिंह के मार्गदर्शन में हटा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गांजा सहित गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 3 किलो 980 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है, बरामद किया है। 15 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति एवं एक महिला प्लास्टिक की थैलियों में अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर चिरौल तिराहा से हटा की ओर आने वाले हैं। सूचना की तस्दीक एवं आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस टीम स्वतंत्र साक्षियों एवं हमराह स्टाफ के साथ मौके के लिए रवाना हुई।
पुलिस टीम जब चिरौल तिराहा पहुंची तो मुखबिर द्वारा बताए हुलिए के अनुसार एक व्यक्ति एवं एक महिला प्लास्टिक की थैलियां लेकर आते दिखाई दिए। पुलिस को आता देखकर दोनों ने यात्री प्रतीक्षालय के पास छिपने का प्रयास किया। पुलिस टीम एवं स्वतंत्र साक्षियों की मदद से दोनों को रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना नाम हरेन्द्र उर्फ पप्पू पिता मोहन सिंह लोधी उम्र 28 वर्ष निवासी शिकारपुरा थाना पटेरा, तथा लक्ष्मी रानी राजपूत पति कलू सिंह राजपूत उम्र 45 वर्ष निवासी रामगोपालजी वार्ड हटा का होना बताया।
पुलिस ने हरेंद्र उर्फ पप्पू के कब्जे में रखी थैली की तलाशी ली, थैली में तीन खाकी रंग के पैकेट मिले, जिनमें कुल 2 किलो 988 ग्राम गांजा पाया गया। वहीं महिला लक्ष्मी रानी राजपूत के कब्जे से एक खाकी रंग का पैकेट बरामद हुआ, जिसमें 992 ग्राम गांजा मिला। इस प्रकार दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 3 किलो 980 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 476/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को पूछताछ के बाद विधिवत न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस गांजा कहां से लाया गया था और इसके संबंध में अन्य लोगों की संलिप्तता है या नहीं, इस संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
