रक्तदान महादान सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को जिला स्तरीय रक्तदान शिविर मानस भवन में सुबह 11 बजे से आयोजित होगा शिविर, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी रक्तदान की सुविधा
रक्तदान महादान सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को जिला स्तरीय रक्तदान शिविर मानस भवन में सुबह 11 बजे से आयोजित होगा शिविर, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी रक्तदान की सुविधा
प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रीता चटर्जी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को जिले में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान अभियान आयोजित किये जाएंगे।
रक्तदान शिविर जिला एवं खण्ड -स्तर पर आयोजित
जिला स्तरीय रक्तदान शिविर का आयोजन मानस भवन में सुबह 11 बजे से किया जाएगा। साथ ही जिले के सभी विकासखण्ड पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
डॉ चटर्जी ने बताया कि रक्तदान शिविरों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। मानस भवन में रक्तदान के लिए वातानुकूलित ब्लड डोनेशन वैन की व्यवस्था की गई है तथा रक्तदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 12 बेड लगाए गए हैं, ताकि रक्तदान की पूरी प्रक्रिया सुरक्षित एवं सुगम रूप से संपन्न हो सके।
एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकता है
दुर्घटना, प्रसव, गंभीर बीमारी अथवा आपात स्थिति में समय पर उपलब्ध रक्त किसी अनजान व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी भावना के साथ जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने जनप्रतिनिधियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में स्वैच्छिक रक्तदान करने का आग्रह किया है।
कौन कर सकता है रक्तदान?
डॉ. चटर्जी ने बताया कि सामान्यतः 18 से 65 वर्ष की आयु का स्वस्थ व्यक्ति, जिसका वजन कम से कम 45 किलोग्राम हो, चिकित्सकीय जांच के बाद रक्तदान कर सकता है। रक्तदान से पहले स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा आवश्यक जांच की जाती है और चिकित्सकीय रूप से उपयुक्त पाए जाने पर ही रक्त लिया जाता है।
आइए, 17 सितंबर को रक्तदान के संकल्प के साथ सेवा और मानवता की इस मुहिम से जुड़ें। आपका दिया हुआ रक्त किसी ऐसे व्यक्ति तक पहुंच सकता है, जिसे आप जानते तक नहीं, लेकिन आपके रक्त की एक यूनिट उसके जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो सकती है।


