नियमित मॉनिटरिंग, अनुशासन और समयबद्ध कार्यप्रणाली से मिली सफलता- कलेक्टर श्री यादव लगातार तीन माह से ए-ग्रेड में दमोह, राजस्व विभाग ने पहली बार हासिल की बड़ी उपलब्धि
जिले में प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सुधार और अधिकारियों-कर्मचारियों की नियमित मॉनिटरिंग का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा लगातार समीक्षा, अनुशासन और समयबद्ध कार्य संस्कृति के कारण जिला पिछले तीन माह से लगातार ए-ग्रेड में अपनी जगह बनाए हुए है। विशेष उपलब्धि यह रही कि राजस्व विभाग पहली बार ए-ग्रेड में शामिल हुआ।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियमित मॉनिटरिंग से कार्यालयों में समय पर उपस्थिति और कार्यों के समयबद्ध निष्पादन को सुनिश्चित किया गया। अनुशासन और जवाबदेही की इसी व्यवस्था का परिणाम है कि जिले के प्रदर्शन में लगातार सुधार दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा पहले जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त होते थे, जिनमें कई मामलों का निराकरण नहीं हो पाता था और आवेदन लंबित या निरस्त हो जाते थे। प्रशासन ने लगातार समीक्षा बैठकें आयोजित कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिससे शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनी।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आमजन को समय पर राहत और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है। नियमित मॉनिटरिंग, जवाबदेही और समन्वित कार्यप्रणाली के माध्यम से शासन की योजनाओं एवं जनहित के कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।

