वीरांगना रानी दुर्गावती बलिदान दिवस पर आयोजित शिविर में सिकल सेल एनीमिया की निःशुल्क जांच

वीरांगना रानी दुर्गावती बलिदान दिवस के अवसर पर ग्राम सिंग्रामपुर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में लगाए गए विशेष स्वास्थ्य शिविर में सिकल सेल एनीमिया एवं टी.बी. की निःशुल्क जांच एवं जागरूकता गतिविधि आयोजित की गयी। इस दौरान प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राकेश राय एवं सीबीएमओ जबेरा विशेष रूप से मौजूद रहे।
इस विशेष शिविर में जिला चिकित्सालय से पहुँचे एक स्वास्थ दल ने 30 लोगों की सिकल सेल एनीमिया संबंधी जांच की गई वहीं प्रारंभिक स्वास्थ्य परीक्षण में टी.बी. की आशंका वाले 15 लोगों का एक्स–रे किया गया, जिसमें 2 पॉजीटिव टी.बी. मरीज की पुष्टि हुई।
शिविर दौरान सिकल सेल एनीमिया एवं टी.बी. रोग के लक्षण, बचाव एवं समय पर जांच के महत्व के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। शिविर में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा जांच के साथ–साथ लोगों को बताया गया कि सिकल सेल एनीमिया एक आनुवंशिक रक्त विकार है, जिसकी समय पर पहचान एवं उपचार से जटिलताओं को कम किया जा सकता है। उपस्थित नागरिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने एवं आवश्यक परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया।

