आचार्य भरतमुनि प्रसंग दमोह में 26 मार्च को सुविख्यात कलाकार देंगे गायन, वादन एवं नृत्य प्रस्तुतियां
आचार्य भरतमुनि प्रसंग दमोह में 26 मार्च को सुविख्यात कलाकार देंगे गायन, वादन एवं नृत्य प्रस्तुतियां
दमोह :
मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग अंतर्गत उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी द्वारा जिला प्रशासन दमोह के सहयोग से नाट्यशास्त्र के रचयिता आचार्य भरतमुनि की स्मृति में प्रतिष्ठित ‘आचार्य भरतमुनि प्रसंग’ का आयोजन किया जा रहा है। मानस भवन, दमोह में 26 मार्च, 2026 को आयोजित होने जा रहे इस समारोह में गायन, वादन एवं नृत्य की उत्कृष्ट प्रस्तुतियां देश के सुविख्यात कलाकारों द्वारा दी जायेंगी।
उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी के निदेशक प्रकाश सिंह ठाकुर ने बताया कि भारतीय संस्कृति एवं परम्पराओं के संरक्षण के साथ ही उनके प्रचार-प्रसार के लिए संस्कृति विभाग निरन्तर कार्यरत है। नई पीढ़ी हमारी संस्कृति एवं महान विभूतियों के बारे में परिचित हो सके, इसके लिए अनेक नवाचार एवं आयोजन भी किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि एक दिवसीय आचार्य भरतमुनि प्रसंग में सायं 7 बजे से सर्वप्रथम श्वेता गुंजन जोशी, धार का गायन होगा। इसके बाद पंडित प्रसन्नजीत पोद्दार एवं साथी, कोलकाता का वाद्यवृंद वादन होगा। अंतिम प्रस्तुति चक्रधर नृत्य केन्द्र, भोपाल द्वारा कथक समूह नृत्य की होगी, जो गुरु सुश्री अल्पना वाजपेयी के निर्देशन में तैयार की गई है। कार्यक्रम में प्रवेश नि:शुल्क रहेगा, पहले आओ पहले पाओ की तर्ज पर स्थान प्रदान किया जा सकेगा।

