संकल्प से समाधान अभियान 2026 के तहत ब्लॉक स्तरीय शिविर आयोजित, हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ, दी गई योजनाओं की जानकारी
संकल्प से समाधान अभियान 2026 के तहत ब्लॉक स्तरीय शिविर आयोजित, हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ, दी गई योजनाओं की जानकारी


दमोह : शासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे संकल्प से समाधान अभियान 2026 के अंतर्गत मंगलवार 17 मार्च को जनपद पंचायत पटेरा स्थित आजीविका मिशन कार्यालय में ब्लॉक स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे और क्षेत्र के नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनके निराकरण की प्रक्रिया शुरू की गई।कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष मल्लों बाई, पटेरा तहसीलदार उमेश तिवारी, जनपद पंचायत पटेरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हलधर मिश्रा, नगर परिषद पटेरा के सीएमओ प्रेम सिंह चौहान, स्टेट बैंक पटेरा से अखिल सैनी (एसोसिएट), पशुपालन विभाग से डॉ. सहबाज खान, कृषि विभाग से वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी डी. के. साहू, शिक्षा विभाग से बीईओ आई.एल. अठ्या, महिला एवं बाल विकास विभाग से सुपरवाइजर प्रज्ञा जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।शिविर के दौरान अधिकारियों ने आम नागरिकों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और शिकायतों को सुना। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य आवेदनों को संबंधित विभागों द्वारा दर्ज कर उनके शीघ्र निराकरण के लिए कहा गया।इस अवसर पर तहसीलदार उमेश तिवारी ने उपस्थित नागरिकों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य आमजन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से प्रशासन सीधे जनता से जुड़कर उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास कर रहा है।कार्यक्रम के दौरान पात्र हितग्राहियों को वृद्धा पेंशन एवं दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।



