नगर परिषद पथरिया में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 शहरी के तहत पात्र हितग्राहियों को किया गया लाभ वितरण
नगर परिषद पथरिया की मुख्य नगर पालिका अधिकारी रितु पुरोहित ने बताया विभिन्न माध्यमों से यह शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि नगर परिषद पथरिया द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 (शहरी) के अंतर्गत अपात्र हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया गया है।
सुश्री पुरोहित ने स्पष्ट किया कि योजना के अंतर्गत पात्रता का निर्धारण शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अनुसार किया गया है, तत्कालीन मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा इस संबंध में सभी आवश्यक कदम उठाए गए थे। इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी पथरिया द्वारा एक जांच टीम गठित की गई थी जिसने स्थल निरीक्षण कर विस्तृत परीक्षण किया। जांच उपरांत प्रथम चरण में 161 हितग्राही पात्र पाये गये। नियमानुसार इनकी सूची का प्रारंभिक प्रकाशन कर दावा-आपत्ति आमंत्रित की गई थी। निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 161 पात्र हितग्राहियों की सूची अनुविभागीय अधिकारी पथरिया की अनुशंसा से कलेक्टर को अनुमोदन हेतु प्रेषित की गई।
उन्होंने बताया कलेक्टर से अनुमोदन प्राप्त होने के पश्चात योजना अंतर्गत 161 हितग्राहियों में से 135 हितग्राहियों का डीपीआर (DPR) तैयार किया गया है तत्पश्चात शासन से राशि प्राप्त होने पर 103 हितग्राहियों के खातों में सीधे राशि का हस्तांतरण कर दिया गया है। शेष हितग्राहियों का भुगतान प्रक्रियाधीन है।
