वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में मौके पर जंगली सुअर का मांस खाते मिले चार व्यक्ति अवैध शिकार का प्रकरण दर्ज, न्यायालय ने भेजा जेल

वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व सागर के वनमंडलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि 09 फरवरी की रात्रि लगभग 8:15 बजे मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि गेम परिक्षेत्र सिंगपुर अंतर्गत राजस्व ग्राम हरदुआ में कृष्णा कुर्मी के खेत पर जंगली जानवर के मांस की पार्टी चल रही है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
वन दल द्वारा मौके पर चार व्यक्तियों को जंगली सुअर का पका हुआ मांस खाते हुए पाया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जंगली सुअर का मांस खाने की बात स्वीकार की। आरोपियों की पहचान सूरज वल्द छोटेलाल रैकवार (35 वर्ष), सुरेश पिता रुपनारायण रैकवार (23 वर्ष), सीताराम पिता धरमदास पटेल (40 वर्ष) एवं हरिसिंह पिता दयाली गोड़ (36 वर्ष), सभी निवासी हरदुआ के रूप में हुई।
उन्होने बताया चारों आरोपियों के विरुद्ध वन अपराध क्रमांक 388/02 के तहत अवैध शिकार का प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया। तत्पश्चात सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायालय द्वारा चारों के खिलाफ जेल वारंट जारी कर उन्हें जेल अभिरक्षा में भेज दिया गया।


