कृषकों को सिंचाई सुविधा मुहैया कराये जाने हेतु परियोजना के डी.पी.आर. स्वीकृति के संबंध में शीघ्रातिशीघ्र नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही समय-सीमा में की जाये-कलेक्टर श्री कोचर
कृषकों को सिंचाई सुविधा मुहैया कराये जाने हेतु परियोजना के डी.पी.आर. स्वीकृति के संबंध में शीघ्रातिशीघ्र नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही समय-सीमा में की जाये-कलेक्टर श्री कोचर
दमोह : पूर्व वित्तमंत्री एवं विधायक दमोह जयंत कुमार मलैया ने अधीक्षण यंत्री जल संसाधन मण्डल सागर संभाग सागर निर्मल चंद्र जैन को पत्र लिखकर कहा है दमोह जिले के बांदकपुर-सेमराखोह सीतानगर एक्सटेंशन प्रोजेक्ट में सीतानगर सिंचाई परियोजना से तहसील दमोह के पृथक किये गये 33 गांवों को शामिल कर योजना का क्रियान्वयन कर कृषकों को लाभान्वित किया जाये । इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार कोचर ने कार्यवाही करते हुये अधीक्षण यंत्री जल संसाधन मण्डल सागर संभाग सागर से कहा है दमोह विकासखण्ड के किसानों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा अवगत कराया गया है कि दमोह विकासखण्ड के 33 ग्राम इस परियोजना से लाभान्वित होने से वंचित रह गए हैं, जबकि परियोजना की प्रारंभिक परिकल्पना में इन ग्रामों को सिंचाई सुविधा प्रदान करना भी संभवत: लक्षित था। ऐसी स्थिति में इन 33 ग्रामों के कृषकों में अत्यधिक असंतोष है और इन ग्रामों में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने का अनुरोध जनता एवं जनप्रतिनिधियों के माध्यम से निरंतर प्राप्त हो रहा है। इस संबंध में विभाग द्वारा ‘’सीतानगर अतिरिक्त सूक्ष्म सिंचाई परियोजना बॉदकपुर सेमरखो’’ के नाम से एक परियोजना का डी.पी.आर. तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से दमोह तहसील के इन शेष 33 ग्रामों को सिंचाई परियोजना से लाभांवित किया जा सकता है, जो सीतानगर परियोजना से लाभांवित नहीं हो सके हैं।समस्त तथ्यों को दृष्टिगत रखते हुए कृषकों की वर्षो पुरानी सिंचाई समस्या के शीघ्र निराकरण, कानून व्यवस्था के नियमन एवं जन असंतोष के शीघ्र निवारण को दृष्टिगत रखते हुए ग्रामों के कृषकों को सिंचाई सुविधा मुहैया कराये जाने हेतु परियोजना के डी.पी.आर. स्वीकृति के संबंध में शीघ्रातिशीघ्र नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही समय-सीमा में कराते हुए डीपीआर का परीक्षण एवं सक्षम स्वीकृति हेतु आग्रह हैं। ज्ञातव्य है दमोह जिले के पथरिया विकासखण्ड के ग्राम सीतानगर के समीप सुनार नदी पर वर्ष 2018 में सीतानगर सिंचाई परियोजना की स्वीकृति प्रदान की गई थी। इस परियोजना की कुल लागत 518.09 करोड़ रूपये एवं रूपांकित सूक्ष्म रबी सिंचाई 16,200 हेक्टेयर थी। इसके अलावा परियोजना का कुल जलग्रहण क्षेत्र लगभग 3997 वर्ग कि.मी. आंकलित किया गया था। उक्त परियोजना के प्रभावशील/संचालित होने के परिणाम स्वरूप 16200 हेक्टेयर लक्षित संचय क्षेत्र के अंतर्गत पथरिया तहसील के 22 एवं दमोह तहसील के 29, इस प्रकार कुल 51 ग्राम वर्तमान में लाभान्वित हो रहे हैं ।



