बादल छाए रहने एवं सामान्य ठंडक के मद्देनज़र स्वास्थ्य विभाग ने की एडवाइजरी जारी
स्वास्थ्य विभाग ने की एडवाइजरी जारी
जिले में वर्तमान में मौसम परिवर्तनशील बना हुआ है। बादल छाए रहने, हल्की बारिश की संभावना एवं सामान्य ठंडक के चलते सर्दी-खांसी, वायरल बुखार, गले में खराश, सिरदर्द एवं पेट संबंधी संक्रमण की आशंका बनी हुई है। इसे दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अठ्या ने आम नागरिकों के लिए आवश्यक सावधानियों को अपनाने के संबंध में एडवाइजरी जारी की है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अठ्या ने बताया इस मौसम में अत्यधिक ठंड नहीं होने के कारण लोग सामान्यतः लापरवाही बरतते हैं, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। बच्चों, बुजुर्गों एवं पहले से बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है। सर्दी, खांसी, बुखार, उल्टी-दस्त या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में तुरंत जांच एवं उपचार कराएं। स्वयं दवा लेने से बचें।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों को सतर्क रहने एवं आवश्यक दवाओं एवं सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आमजन से अपील की है कि सावधानी बरतकर बदलते मौसम में स्वयं एवं परिवार को स्वस्थ रखें।
उन्होंने कहा नागरिक मौसम के अनुसार हल्के गर्म कपड़े पहनें, विशेषकर सुबह एवं रात के समय सावधानी रखें। बारिश एवं नमी के कारण दूषित पानी एवं खुले खाद्य पदार्थों से संक्रमण फैलने की संभावना रहती है। नागरिक उबला या स्वच्छ पानी ही पीयें एवं ताजा, गरम एवं ढँका हुआ भोजन ग्रहण करें। हाथों की नियमित सफाई एवं व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखें।




