विकसित भारत युवा संवाद – Know Your Vote कार्यक्रम का सफल आयोजन युवाओं को मतदान अधिकारों, लोकतांत्रिक प्रक्रिया एवं SIR के प्रति किया जागरूक
मेरा युवा भारत दमोह (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में नेहरू युवा नव जागृति नव युवक मंडल समिति, पथरिया द्वारा “विकसित भारत युवा संवाद – Know Your Vote” कार्यक्रम माधव राव सप्रे शासकीय महाविद्यालय, पथरिया में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक अधिकारों एवं SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनय वर्मा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में मेरा युवा भारत के उपनिदेशक रोहित यादव, नेशनल यूथ आइकॉन आशुतोष पाठक, कुलदीप पटेल, लेखपाल तेजखान, राष्ट्रीय स्तर के कबड्डी खिलाड़ी सुधीर पटेल, शिक्षक शेख ताज हसन, बहादुर अहिरवार, यूथ आइकॉन दमोह कृष्णा पटेल, सामाजिक कार्यकर्ता विजय तिवारी तथा परामर्शदाता दिलीप कुमार पटेल सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
खेलों के माध्यम से करियर निर्माण का दिया संदेश
मुख्य अतिथि डॉ. विनय वर्मा ने युवाओं को खेलों में करियर की संभावनाओं एवं खेलों के माध्यम से भविष्य निर्माण के विषय में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि एक समय समाज में यह धारणा प्रचलित थी कि “पढ़ोगे-लिखोगे बनोगे नवाब, खेलोगे-कूदोगे बनोगे खराब”, लेकिन आज परिस्थितियां बदल चुकी हैं। खेल प्रतिभा के दम पर युवा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। वर्तमान समय में खेल सम्मान, रोजगार और उज्ज्वल भविष्य निर्माण का सशक्त माध्यम बन चुके हैं।
मतदान अधिकारों एवं SIR प्रक्रिया की दी जानकारी
विशिष्ट अतिथि एवं नेशनल यूथ आइकॉन, मेरा युवा भारत, आशुतोष पाठक ने युवाओं को मतदान के अधिकार, लोकतंत्र में उनकी भूमिका तथा SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि युवा केवल भारत का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति भी हैं। युवाओं की जागरूकता, सक्रिय भागीदारी और सकारात्मक प्रयासों से वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जिम्मेदारीपूर्वक भाग लेने तथा अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
MY Bharat पोर्टल से जुड़कर अवसरों का लाभ लेने का किया आह्वान
मेरा युवा भारत, सागर के उपनिदेशक रोहित यादव ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन (PPT) के माध्यम से MY Bharat संगठन के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली तथा युवाओं के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को MY Bharat पोर्टल से जुड़कर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने तथा सामाजिक सेवा, युवा नेतृत्व एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया।
अतिथियों का किया स्वागत, आयोजन समिति का रहा महत्वपूर्ण योगदान
कार्यक्रम के प्रारंभ में संस्था अध्यक्ष घनश्याम पटेल एवं बसंत पटेल द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में घनश्याम पटेल, बसंत पटेल, विशजीत सिंह राजपूत, नीलेश पटेल, हाकम अहिरवार, हेमंत पटेल, अजय पटेल, नमन खरे, शिवप्रसाद चढ़ार, जीवनलाल पटेल एवं हीरालाल पटेल सहित आयोजन समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
लोकतंत्र की शपथ के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों एवं छात्र-छात्राओं को लोकतंत्र की शपथ दिलाई गई। सभी ने लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन कृष्णा पटेल ने किया, जबकि संस्था अध्यक्ष घनश्याम पटेल ने सभी अतिथियों, महाविद्यालय प्रबंधन एवं सहभागी छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।


