निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम की होगी सघन जांच, अनियमितता मिलने पर होगी कार्रवाई बिना मान्यता चिकित्सा कार्य करने और अपात्र व्यक्तियों से उपचार कराने पर होगी कार्रवाई निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम और पैथोलॉजी लैब की होगी सघन जांच अनियमितता मिलने पर सीलिंग सहित वैधानिक कार्रवाई के निर्देश
जिले में नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम, क्लीनिकों एवं पैथोलॉजी लैब की सघन जांच कराई जाएगी। जांच के दौरान पंजीयन, संचालन की वैधता, चिकित्सकों की योग्यता तथा निर्धारित मानकों के पालन की स्थिति का परीक्षण किया जाएगा। अनियमितताएं मिलने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सभी संबंधित चिकित्सा संस्थानों एवं चिकित्सा व्यवसाय से जुड़े व्यक्तियों को आवश्यक पंजीयन एवं अनुमति सुनिश्चित करना अनिवार्य है। जिन संस्थानों के पास वैध पंजीयन नहीं है, वे अपना संचालन तत्काल बंद करें। बिना वैध पंजीयन अथवा अनुमति के संस्थान संचालित करने तथा बिना मान्य चिकित्सकीय योग्यता के उपचार करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा जिले के समस्त खंड चिकित्सा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम, क्लीनिकों एवं पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। अनियमितताएं पाए जाने पर नोटिस जारी करने, संचालन बंद कराने, सीलिंग तथा आवश्यकतानुसार पुलिस कार्रवाई के लिए सक्षम अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
कार्रवाई के दौरान उपलब्ध तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने आमजन के स्वास्थ्य एवं उपचार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी संबंधित संस्थानों से निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।



