जबेरा में ADIP एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना का परीक्षण शिविर आयोजित
विकासखण्ड जबेरा में ADIP योजना एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य पात्र दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर सुनिश्चित करना रहा।
शिविर में कुल 258 हितग्राहियों का पंजीयन किया गया। परीक्षण उपरांत 134 पात्र हितग्राहियों का सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाने हेतु चयन किया गया। इनमें ADIP योजना के अंतर्गत 74 दिव्यांगजनों का विभिन्न सहायक उपकरणों हेतु चयन किया गया, जबकि 23 दिव्यांगजनों को कृत्रिम हाथ-पैर एवं कैलिपर्स तत्काल शिविर स्थल पर ही तैयार कर प्रदाय किए गए। वहीं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत 37 वरिष्ठ नागरिकों का उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण प्रदान किए जाने हेतु चयन किया गया।
शिविर में सहायक उपकरणों के चयन के साथ-साथ विभिन्न जनकल्याणकारी सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। मेडिकल बोर्ड की टीम द्वारा 24 दिव्यांगजनों के नवीन UDID कार्ड बनाए गए तथा 10 दिव्यांगजनों के UDID कार्ड अद्यतन (अपडेट) किए गए। इसके अतिरिक्त 18 हितग्राहियों की समग्र e-KYC की गई, 11 आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा 5 पात्र हितग्राहियों की नवीन सामाजिक सुरक्षा पेंशन स्वीकृत की गई।
जिले के सभी विकासखण्डों में 20 जुलाई से 27 जुलाई 2026 तक ADIP योजना एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के परीक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।


