सामूहिक सहभागिता से चलाया जा रहा यह स्वच्छता अभियान विकसित भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा- जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमति पटेल अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं सहभागिता बढ़ाना- सीईओ श्री फुलपगारे आम चोपरा में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने किया श्रमदान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आवाहन पर चलाए जा रहे स्वच्छता एवं जन-जागरण अभियान के अंतर्गत आम चोपरा में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। यह अभियान 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक संचालित किया जा रहा है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति गंदगी फैलाने से बचे और स्वच्छता को अपनी आदत बनाए, तो मोहल्ला, समाज एवं गाँव स्वच्छ और सुंदर बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से चलाया जा रहा यह स्वच्छता अभियान विकसित भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में पॉलिटेक्निक कॉलेज बाउंड्रीवाल के आसपास फैली गंदगी एवं प्लास्टिक वेस्ट को हटाने का कार्य किया गया। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं सहभागिता बढ़ाना है।
स्वच्छता अभियान में दमोह विधायक जयंत कुमार मलैया, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल, जनपद अध्यक्ष प्रीति कमल ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे, जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता मित्र, स्वच्छता एम्बेसडर हरीश पटेल तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की शपथ भी ली। इस अवसर पर ग्राम पंचायत आम चोपरा के सरपंच, पंचायत प्रतिनिधि एवं मातृशक्ति की सक्रिय सहभागिता रही।


