49 आशा कार्यकर्ताओं ने राज्य स्तरीय प्रमाणन परीक्षा उत्तीर्ण कर बढ़ाया जिले का गौरव प्रमाणन से आशा कार्यकर्ताओं की दक्षता, कार्यक्षमता एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को मिलेगा बढ़ावा
जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने में मान्यता प्राप्त आशा कार्यकर्ता द्वारा महत्वपूर्ण भूमिका निभायी जाती है।
जिले के विभिन्न ब्लॉक की 48 आशा कार्यकर्ताओं ने राज्य स्तर से माह अगस्त 2026 में आयोजित आशा प्रमाणन परीक्षा उत्तीर्ण कर अपनी कार्य दक्षता का परिचय दिया है। यह उपलब्धि उनके सतत प्रयास, परिश्रम एवं स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति समर्पण को दर्शाती है।
उल्लेखनीय है कि आशा कार्यकर्ताओं के स्वास्थ्य संबंधी ज्ञान, कार्य कुशलता एवं व्यवहारिक समझ का मूल्यांकन हेतु समय-समय पर राज्य स्तर से आशा प्रमाणन परीक्षा ली जाती है ।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राकेश राय ने परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली सभी आशा कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि आशा कार्यकर्ता ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग और समुदाय के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी दक्षता में वृद्धि से शासन की स्वास्थ्य योजनाओं विशेष कर मातृ-शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगा।
आशा प्रमाणन परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली जिले की सभी आशा कार्यकर्ताओं के खाते में शासन के निर्देश अनुसार प्रोत्साहन स्वरूप ₹5000 की राशि खाते में अंतरित की जा रही है ।
आशा प्रमाणन परीक्षा हेतु NIUS पोर्टल पर करें पंजीयन
जिला कम्युनिटी मोबिलाइजर ऋषिराज ने बताया कि आशा प्रमाणन परीक्षा देने की इच्छुक आशा कार्यकर्ता NIUS पोर्टल पर अपना पंजीयन करा सकती है। पंजीयन उपरांत आशा प्रमाणन परीक्षा के संबंध में जानकारी से अवगत हो सकेगी ।



