
दमोह। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा शासकीय हाई स्कूल हिरदेपुर में ‘माटी गणेश, सिद्ध गणेश’ अभियान के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के साथ प्रस्फुटन समितियों, नवांकुर संस्थाओं एवं परामर्शदाताओं ने सहभागिता की। प्रशिक्षण में मिट्टी से गणेश प्रतिमा निर्माण की प्रक्रिया, पर्यावरण संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के महत्व की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों एवं समिति सदस्यों को पर्यावरण अनुकूल गणेश उत्सव मनाने और समाज में मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं के उपयोग के लिए लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया। जिला समन्वयक श्री सुशील नामदेव ने कहा कि गणेश उत्सव हमारी आस्था और संस्कृति से जुड़ा पर्व है। हमें अपनी धार्मिक परंपराओं के साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। मिट्टी की गणेश प्रतिमा स्थापित करने से जल स्रोतों में प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज तक पहुंचेगा। उन्होंने सभी नवांकुर संस्थाओं, प्रस्फुटन समितियों, परामर्शदाताओं एवं विद्यार्थियों से अपील की कि वे ‘माटी गणेश, सिद्ध गणेश’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं और अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण अनुकूल गणेश उत्सव के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम में प्राचार्य आलोक सोनवलकर, स्वदेशी जागरण मंच से श्रीमती प्रिया श्रीवास्तव, श्रीमती कंचन असाटी, पर्यावरण संरक्षण प्रमुख श्रीमती शुभ्रा जैन, प्रशिक्षक डोली कटहरे एवं नैना तिवारी, नवांकुर संस्थाओं एवं प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारी-सदस्य, परामर्शदाता, छात्र-छात्राएं तथा स्कूल स्टाफ से ब्रजेश सेन, राजकुमार सेन, श्रीमती भावना दुबे एवं राहुल खरे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विकासखंड समन्वयक वंदना जैन ने अभियान की गतिविधियों को लेकर मार्गदर्शन देते हुए सभी से सक्रिय सहभागिता की अपील की।

