श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर गौवंश संरक्षण का संकल्प लें – कलेक्टर श्री यादव बलराम जयंती पर ‘सड़क से गौशाला की ओर’ अभियान का शुभारंभ गौवंश संरक्षण और सड़क सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन की नई पहल
बलराम जयंती के पावन पर्व पर जिला प्रशासन द्वारा ‘सड़क से गौशाला की ओर’ अभियान का शुभारंभ किया गया है। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा अभियान का मुख्य उद्देश्य गौवंश का संरक्षण करने के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना और सड़कों पर आवागमन को सुगम बनाना है।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा अभियान के तहत ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों के माध्यम से हाका दल के सहयोग से सड़कों पर रुकने अथवा बैठने वाले गौवंश को सुरक्षित रूप से गौशालाओं में पहुंचाया जाएगा। इससे सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने जिले के सभी पशुपालकों से अपील की कि वे अपने गौवंश को सड़कों पर खुला न छोड़ें और उन्हें अपने परिसर में सुरक्षित रखें। उन्होंने कहा गौवंश की सुरक्षा और संरक्षण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।
कलेक्टर श्री यादव ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर गौवंश के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करें और उनके संरक्षण का संकल्प लें। उन्होंने नागरिकों से ‘सड़क से गौशाला की ओर’ अभियान को सफल बनाने में जिला प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया।


