दीवार लेखन कर ग्रामों में चलाया जा रहा है जल संरक्षण जागरूकता अभियान
दीवार लेखन कर ग्रामों में चलाया जा रहा है जल संरक्षण जागरूकता अभियान


दमोह : मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में नवांकुर संस्था नेहरू युवा नव जागृति नव युवक मंडल समिति, बांसा कलां पथरिया के सहयोग से ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बकेनी द्वारा ग्राम बकेनी में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के अंतर्गत दीवार लेखन किया गया। इस अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया तथा जल के महत्व को समझाते हुए इसे बचाने का संदेश दिया गया।समिति अध्यक्ष यशवंत सिंह ने कहा कि “जल ही जीवन है, इसलिए हम सभी को जल का संरक्षण करना चाहिए। यदि हम आज जल को नहीं बचाएंगे, तो भविष्य में हमें गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ेगा। जल की प्रत्येक बूंद अमूल्य है, इसलिए हमें इसका सदुपयोग करना चाहिए और व्यर्थ बहने से रोकना चाहिए।सेक्टर प्रभारी घनश्याम पटेल ने कहा कि “जल संरक्षण केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी का कर्तव्य है। हमें अपने दैनिक जीवन में पानी का सोच-समझकर उपयोग करना चाहिए तथा वर्षा जल संचयन जैसे उपाय अपनाकर आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षित रखना चाहिए क्योंकि जल है तो कल हैं।




