लोक और भक्ति के रंग में रंगेगा दमोह – श्रीकृष्ण पर्व में गूंजेगी बुंदेली संस्कृति संस्कृति विभाग द्वारा जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भव्य एवं दिव्य श्रीकृष्ण पर्व का आयोजन
श्रीकृष्ण केवल एक देवता नहीं, वे हमारी स्मृतियों, लोकजीवन और उत्सवों में रचे-बसे ऐसे नाम हैं, जिन्हें गांव की चौपाल से लेकर मंदिर के आंगन तक हर पीढ़ी अपने-अपने ढंग से गाती आई है। श्रीकृष्ण पाथेय न्यास, मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन – दमोह के सहयोग से इसी लोक-सांस्कृतिक विरासत को मंच देने के उद्देश्य से जन्माष्टमी के पावन अवसर पर 4 सितंबर, 2026 को सायं 7 बजे से मानस भवन सभागार, दमोह में ‘श्रीकृष्ण पर्व’ का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रवेश नि:शुल्क रहेगा।
संचालक, संस्कृति श्री एन.पी. नामदेव ने बताया कि संस्कृति विभाग द्वारा जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सम्पूर्ण मध्यप्रदेश में श्रीकृष्ण पर्व का भव्य एवं दिव्य आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में दमोह में भी इस आयोजन के माध्यम से श्रीकृष्ण की कथा के साथ बुंदेली लोकधुन, नृत्य और भक्ति-संगीत की त्रिवेणी लेकर आएगी। कार्यक्रम में अलग-अलग विधाओं के कलाकार कृष्ण के विविध रूपों को अपनी कला के माध्यम से जीवंत करेंगे।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम बुंदेली लोक गायन की प्रस्तुति अनामिका पाण्डेय एवं साथी, छतरपुर द्वारा दी जाएगी। बुंदेली बोली की सहज मिठास और लोकधुनों की आत्मीयता के साथ जब कृष्ण के गीत गूंजेंगे, तो यह केवल मंचीय प्रस्तुति नहीं, बल्कि बुंदेलखंड के गांव-गांव में सांस लेती उस लोक-स्मृति से साक्षात्कार होगा, जहां गीत आज भी रिश्तों और परंपराओं को जोड़ने का माध्यम हैं।
‘कालियानाग वध’ पर केंद्रित नृत्य नाटिका की प्रस्तुति बिथिका मिष्ठी एवं साथी, भोपाल द्वारा की जाएगी। कार्यक्रम का एक और आकर्षण होगा भक्ति गायन, जिसकी प्रस्तुति सुविख्यात भजन गायक श्री पवन तिवारी एवं साथी, निवाड़ी द्वारा की जाएगी। भजनों की स्वर-लहरियां वातावरण को भक्तिमय करेंगी और श्रोताओं को उस कृष्ण-भाव से जोड़ेंगी, जिसमें सब कुछ प्रेममयी है।


