बच्चों की कमजोर होती नजर को नजरअंदाज न करें, समय पर कराएं नेत्र जाँच शासकीय शालाओं के छात्र-छात्राओं के लिए निःशुल्क नेत्र जाँच शिविर आयोजित
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि बच्चों की नजर धीरे-धीरे कमजोर होना उनकी पढ़ाई और दैनिक गतिविधियों को प्रभावित कर सकता है। बच्चों में आंखों से संबंधित समस्या की समय पर पहचान और उचित उपचार बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य से शालेय स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत शासकीय शालाओं में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए विशेष निःशुल्क नेत्र जाँच शिविर आयोजित किया जा रहा है।
शिविर में बच्चों की आंखों की जांच विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं नेत्र स्वास्थ्य टीम द्वारा की जाएगी। सप्ताह के सभी शासकीय कार्यदिवसों में प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक जिला चिकित्सालय परिसर में संचालित नेत्र विभाग में बच्चों की निःशुल्क नेत्र जाँच की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधा राय ने सभी स्कूल के पहली से बारहवीं कक्षा में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के अभिभावकों से आग्रह किया गया है कि जिन बच्चों को धुंधला दिखाई देना, पास या दूर की वस्तुओं को देखने में परेशानी, पढ़ते समय आंखों में थकान या सिरदर्द, आंखों में पानी आना अथवा बोर्ड पर लिखी सामग्री देखने में कठिनाई जैसी समस्या हो, वे अपने बच्चों को समय पर नेत्र जाँच के लिए जिला चिकित्सालय परिसर में स्थित नेत्ररोग इकाई में लेकर आएं।
जाँच के दौरान कमजोर दृष्टि वाले चिन्हित छात्र-छात्राओं को चिकित्सकीय परीक्षण के आधार पर चश्मे का नंबर निर्धारित किया जाएगा। निर्धारित नंबर के अनुसार चश्मे तैयार कराकर बच्चों को निःशुल्क वितरित किए जाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों की आंखों से संबंधित किसी भी परेशानी को नजरअंदाज न करें।
अभिभावक अपने बच्चों को निर्धारित समय पर नेत्र विभाग में लाकर इस निःशुल्क सुविधा का लाभ अवश्य उठाएं।



